मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर सोशल मीडिया पोस्ट से विश्व हिन्दू महासंघ में रोषः एसपी को सौंपा पत्र

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर सोशल मीडिया पोस्ट से विश्व हिन्दू महासंघ में रोषः एसपी को सौंपा पत्र

विधायक महेन्द्रनाथ यादव के विरूद्ध मुकदमा दर्ज कराने की मांग

 

लवकुश सिंह संवाददाता

अनुराग लक्ष्य न्यूज

 

बस्ती। विश्व हिन्दू महासंघ जिला अध्यक्ष अखिलेश सिंह ने बुधवार को पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर सदर विधानसभा क्षेत्र के विधायक महेन्द्र नाथ यादव के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराए जाने की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबंध में सोशल मीडिया पर की गई एक पोस्ट से उनकी छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया है।

एसपी को दिए गए पत्र में अखिलेश सिंह ने कहा है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रदेश के लोकप्रिय जननेता हैं और उनकी साफ-सुथरी छवि के कारण जनता के बीच उनका व्यापक जनसमर्थन है। ऐसे में कुछ लोग राजनीतिक द्वेष की भावना से प्रेरित होकर उनकी प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं। 31 अगस्त 2026 को सदर विधानसभा क्षेत्र के विधायक महेन्द्र नाथ यादव द्वारा सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से जुड़ी एक कथित फर्जी तस्वीर और आपत्तिजनक टिप्पणी पोस्ट की गई। विश्व हिन्दू महासंघ का आरोप है कि उक्त पोस्ट से मुख्यमंत्री की छवि धूमिल हुई है तथा उनके समर्थकों और अनुयायियों की भावनाएं भी आहत हुई हैं।

अखिलेश सिंह ने अपने पत्र में कहा है कि मामले की सूचना उसी दिन पुलिस को दे दी गई थी, लेकिन अब तक कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। उन्होंने इसे गंभीर प्रकृति का मामला बताते हुए कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से किसी व्यक्ति की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने और भ्रामक सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई आवश्यक है।

ज्ञापन सौंपने के दौरान संगठन के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इनमें प्रमुख रूप से अभय सिंह रघुवंशी, सौरभ त्रिपाठी, विवेक श्रीवास्तव, अर्पण श्रीवास्तव, बालकृष्ण सिंह बबलू, सुधीर सिंह, शिवम मिश्रा और अभिषेक आर्य आदि शामिल रहे।