अयोध्या में भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी का जोरदार स्वागत कई स्थानों पर उमड़ा जनसैलाब, खब्बू तिवारी, गोरखनाथ बाबा और अभय सिंह ने किया अभिनंदन

 

महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी के प्रथम अयोध्या आगमन पर पार्टी कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों में अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिला। जिले की सीमा में प्रवेश करने से लेकर शहर के विभिन्न पड़ावों तक उनके स्वागत में भव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जहां उमड़ी ऐतिहासिक भीड़ ने पूरे माहौल को भाजपामय बना दिया। यात्रा के दौरान शहर के दिशा कोचिंग सेंटर के पास जिला पंचायत प्रतिनिधि आलोक सिंह ‘रोहित’ के नेतृत्व में राष्ट्रीय महामंत्री का भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान जुटे समर्थकों ने “जय श्री राम” के गगनभेदी नारे लगाए। इसके आगे, हाईवे पर देवकाली के पास साकेत पुरी मोड़ के निकट भाजपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष अभिषेक मिश्रा की अगुवाई में विशाल स्वागत समारोह आयोजित हुआ। यहां उमड़ी भारी भीड़ के दबाव के कारण मंच टूटने की मामूली घटना भी सामने आई, लेकिन इससे कार्यकर्ताओं और जनता के उत्साह में कोई कमी नहीं आई।
स्वागत यात्रा की अगली कड़ी में रौनाही टोल प्लाजा के पास गोसाईगंज के पूर्व भाजपा विधायक इंद्र प्रताप तिवारी उर्फ ‘खब्बू तिवारी’ के नेतृत्व में ऐतिहासिक स्वागत किया गया। मूसलाधार बारिश के बावजूद हजारों कार्यकर्ता घंटों डटे रहे। हरीश द्विवेदी का स्वागत करीब एक कुंतल फूलों की विशाल माला पहनाकर और बुलडोजर से पुष्प वर्षा करके किया गया। करीब ढाई घंटे तक चले इस कार्यक्रम में खब्बू तिवारी के नेतृत्व में जुटा जनसैलाब विशेष चर्चा का विषय रहा। इसके अतिरिक्त, सहादतगंज में पूर्व विधायक गोरखनाथ बाबा और गोसाईगंज के विधायक अभय सिंह ने भी अपने-अपने समर्थकों के साथ राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी का गर्मजोशी से अभिनंदन किया। इस पूरे दौरे के दौरान ब्लॉक प्रमुख संघ अध्यक्ष एवं भाजपा अयोध्या महानगर के महामंत्री शिवेन्द्र सिंह भी पूरी सक्रियता के साथ व्यवस्थाओं में जुटे रहे। विभिन्न पड़ावों पर हुए इन आयोजनों में उमड़े अपार जनसमूह ने हरीश द्विवेदी के प्रति अयोध्या की जनता और कार्यकर्ताओं के भारी समर्थन एवं संगठन के प्रति अटूट उत्साह को स्पष्ट रूप से दर्शा दिया।