जी.वी.एम. कॉन्वेंट स्कूल में हर्षोल्लास से मनाया गया रक्षाबंधन पर्व

जी.वी.एम. कॉन्वेंट स्कूल में हर्षोल्लास से मनाया गया रक्षाबंधन पर्व

 

 

अनुराग लक्ष्य न्यूज

 

बस्ती। जी.वी.एम. कॉन्वेंट स्कूल में भाई-बहन के प्रेम, विश्वास और स्नेह का प्रतीक रक्षाबंधन पर्व हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय में विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम के तहत ‘राखी बनाओ’ एवं ‘कार्ड बनाओ’ प्रतियोगिता आयोजित की गई। नर्सरी से कक्षा आठ तक के विद्यार्थियों ने प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विद्यालय का वातावरण उत्सवमय रहा। बहनों ने भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर उनके सुखद, स्वस्थ एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं भाइयों ने बहनों को चॉकलेट भेंटकर अपना स्नेह व्यक्त किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती विजयलक्ष्मी सिंह ने रक्षाबंधन के सांस्कृतिक, सामाजिक एवं नैतिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को आपसी प्रेम, विश्वास, सुरक्षा तथा पारिवारिक मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के रिश्ते का पर्व नहीं, बल्कि एक-दूसरे के प्रति सम्मान, जिम्मेदारी और स्नेह की भावना को मजबूत करने का अवसर भी है।

प्रतियोगिताओं के विजेताओं की घोषणा कर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं। विद्यालय परिवार ने विद्यार्थियों के उत्साह और रचनात्मकता की सराहना की।

इस अवसर पर शिक्षक-शिक्षिकाओं में राकेश, राजेश, सावित्री, प्रवीण, साकेत, पूजा, महिमा, सूरज, गिरीश, पवन, सुशील, अरविन्द, निगहत, श्रुति, रेशमा, शिवानी एवं प्रतीक्षा सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण एवं उल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।