31 अगस्त को गृह जनपद पहुंचेंगे भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी
101 स्वागत स्थलों पर होगा अभिनंदन, करमा देवी
महाविद्यालय के पास सवा कुंतल फूलों से बनेगा भव्य स्वागत द्वार
अनुराग लक्ष्य न्यूज
बस्ती। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री एवं असम प्रभारी तथा निवर्तमान सांसद हरीश द्विवेदी के 31 अगस्त को सड़क मार्ग से अपने गृह जनपद बस्ती में प्रथम आगमन को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में जबरदस्त उत्साह है। उनके स्वागत को ऐतिहासिक और भव्य बनाने के लिए जिले में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। बताया गया है कि घघौआ से बस्ती तक कुल 101 स्वागत स्थलों को चिन्हित किया गया है, जहां पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक उनका अभिनंदन करेंगे।
वरिष्ठ भाजपा नेता एवं 310 बस्ती सदर विधानसभा क्षेत्र के प्रबल दावेदार इंजीनियर अरविंद पाल ने करमा देवी महाविद्यालय के निकट प्रस्तावित स्वागत स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानंद की ओर से स्वागत के लिए स्थान सुनिश्चित कराया गया है। यहां हजारों समर्थकों के जुटने की तैयारी है।
इंजीनियर अरविंद पाल ने बताया कि स्वागत स्थल पर करीब सवा कुंतल फूलों से भव्य स्वागत द्वार तैयार कराया जाएगा। इसके अलावा 51 किलो फूलों की विशेष माला से हरीश द्विवेदी का अभिनंदन किया जाएगा। स्वागत समारोह में 21 ब्राह्मणों द्वारा शंखनाद तथा पुष्प वर्षा कर राष्ट्रीय महामंत्री का स्वागत किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि हरीश द्विवेदी ने संगठन में विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। राष्ट्रीय महामंत्री एवं असम प्रभारी की जिम्मेदारी मिलने के बाद गृह जनपद में उनका प्रथम आगमन बस्ती के कार्यकर्ताओं के लिए गौरव और उत्साह का अवसर है। इसी को देखते हुए बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक स्वागत कार्यक्रम में शामिल होने की तैयारी कर रहे हैं।
भाजपा जिला महामंत्री अमृत वर्मा ने बताया कि हरीश द्विवेदी के प्रथम आगमन पर जिले में कुल 101 स्वागत स्थलों को चिन्हित किया गया है। घघौआ से लेकर होटल बालाजी प्रकाश तक सड़क मार्ग के विभिन्न स्थानों पर स्वागत की व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि बस्ती के अलावा गैर जनपदों और अन्य प्रदेशों से भी समर्थकों के पहुंचने की संभावना है।
तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे कार्यकर्ता
हरीश द्विवेदी के गृह जनपद आगमन को लेकर भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता लगातार तैयारियों में जुटे हैं। अलग-अलग स्वागत स्थलों पर मंच, सजावट, पुष्प वर्षा और कार्यकर्ताओं की सहभागिता से जुड़ी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं का प्रयास है कि 31 अगस्त को हरीश द्विवेदी के बस्ती आगमन पर ऐसा भव्य स्वागत किया जाए, जो लंबे समय तक यादगार बना रहे।