महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या।उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों के बीच रामनगरी अयोध्या में राजनीतिक सरगर्मी काफी बढ़ गई है। समाजवादी पार्टी द्वारा अयोध्या विधानसभा सीट से पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडेय ‘पवन’ को अपना प्रत्याशी घोषित किए जाने के बाद से ही राजनीतिक समीकरणों पर चर्चाएं तेज हो गई हैं। इसी बीच, समाजसेवी संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेश यादव ने भी आगामी चुनावी मैदान में उतरने का खुला ऐलान कर राजनीतिक पारा और अधिक चढ़ा दिया है। सपा प्रत्याशी पर साधा निशाना और पुराने अनुभवों का किया जिक्र
समाचार प्रतिनिधियों से बातचीत के दौरान सुरेश यादव ने समाजवादी पार्टी समेत अन्य राजनीतिक दलों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने अपने राजनीतिक अनुभव का हवाला देते हुए दावा किया कि वह समाजवादी पार्टी की आंतरिक कार्यशैली और वहां नेताओं व कार्यकर्ताओं की वास्तविक स्थिति से भली-भांति परिचित हैं।
सपा प्रत्याशी तेज नारायण पांडेय ‘पवन’ के पिछले कार्यकाल पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि जनता उनके पुराने कामकाज को करीब से देख चुकी है। सुरेश यादव ने दावा किया कि मौजूदा राजनीतिक माहौल को देखते हुए सपा प्रत्याशी के सामने इस बार कड़ी चुनौती है और जनता उन्हें दोबारा मौका नहीं देगी।
बसपा से चुनाव लड़ने की चर्चाओं ने बढ़ाई सुगबुगाहट
अयोध्या के राजनीतिक गलियारों में इन दिनों इस बात की चर्चा जोरों पर है कि सुरेश यादव बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के टिकट पर चुनावी मैदान में उतर सकते हैं। चर्चा है कि इसको लेकर उन्होंने बसपा के प्रदेश अध्यक्ष समेत कई वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात भी की है। हालांकि, अभी तक बहुजन समाज पार्टी की तरफ से उनकी उम्मीदवारी को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।