पुलिस अधीक्षक ने किया साप्ताहिक परेड व पुलिस लाइन का निरीक्षण, अर्दली रूम में अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती। जनपद बस्ती के पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने शुक्रवार को पुलिस लाइन बस्ती में आयोजित साप्ताहिक परेड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्राधिकारी लाइन की मौजूदगी में परेड की सलामी ली और पुलिस कर्मियों के टर्नआउट का सूक्ष्मता से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी पर तैनात सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को हमेशा उच्च कोटि की वर्दी धारण करने तथा आम जनमानस के साथ मधुर व शालीन व्यवहार बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए।
परेड के उपरांत उन्होंने पुलिस लाइन परिसर स्थित विभिन्न शाखाओं का विस्तृत निरीक्षण किया। इसमें शस्त्रागार, जी.डी. कार्यालय, गणना कार्यालय, पुलिस अस्पताल, परिवहन शाखा, कैंटीन, भोजनालय, पूर्व निर्मित व नवनिर्मित बैरक भवनों, यातायात कार्यालय और डायल-112 कार्यालय का जायजा लिया गया। एसपी ने सभी व्यवस्थाओं में मूलभूत सुविधाओं को समय से दुरुस्त करने, साफ-सफाई बनाए रखने और विभागीय अभिलेखों के सही रख-रखाव के लिए संबंधित प्रभारियों को आदेशित किया।
निरीक्षण के पश्चात पुलिस अधीक्षक द्वारा अर्दली रूम का आयोजन कर लंबित कार्यों के निस्तारण और व्यवस्थाओं में सुधार हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस अवसर पर प्रतिसार निरीक्षक बस्ती, पी.आर.ओ. पुलिस अधीक्षक सहित अन्य पुलिस अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।