रसोइयों के सम्मान से बढ़ेगा मनोबल, बच्चों के पोषण में अहम भूमिका

रसोइयों के सम्मान से बढ़ेगा मनोबल, बच्चों के पोषण में अहम भूमिका

अनुराग लक्ष्य न्यूज

बस्ती। राजकीय इंटर कॉलेज के बहुउद्देशीय सभागार में रसोइया सम्मान समारोह एवं कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गौ सेवा आयोग, उत्तर प्रदेश के उपाध्यक्ष महेश शुक्ल रहे, जबकि अध्यक्षता जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना ने की।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने मुख्य अतिथि महेश शुक्ल का बुके एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया। इसके अलावा सहायक शिक्षा निदेशक बेसिक, बस्ती मंडल ने जिलाधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनूप कुमार ने मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, जिला समन्वयक मध्यान्ह भोजन अमित कुमार मिश्र ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी तथा खंड शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार त्रिपाठी ने विधायक प्रतिनिधि गुलाब सोनकर का बुके एवं स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया।

कार्यक्रम का संचालन एसआरजी आशीष श्रीवास्तव ने किया। अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय की छात्राओं ने सरस्वती वंदना पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री के रसोइया सम्मान समारोह एवं कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया।

रसोइया विद्यालय परिवार का अभिन्न हिस्सा : अनूप कुमार

स्वागत संबोधन में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनूप कुमार ने कहा कि विद्यालयों में बच्चों को पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने में रसोइयों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। रसोइया केवल भोजन तैयार करने वाली कर्मी नहीं, बल्कि विद्यालय परिवार का अभिन्न हिस्सा हैं। उनके प्रयास बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और विद्यालय से जुड़ाव में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।

समारोह में विभिन्न विकासखंडों से आई रसोइयों सुभावती देवी, राधिका देवी, प्रमिला, सुनीता, बिंदु, फूला देवी, आरती देवी, विजयलक्ष्मी, दुर्गावती, कमलावती, चांदनी, पूर्ण शांति, बासमती, क्रांति, अंजू, पुष्पा देवी, मीना देवी, मोटेरा, रामचरित्र, रामकृपाल, गुड़िया, तारा, सीता पति, संगीता, खुशनुमा खातून, लालमति, नेहा, नीर सहित अन्य रसोइयों को बढ़े हुए मानदेय का प्रतीकात्मक चेक एवं कैशलेस चिकित्सा सुविधा के प्रतीकात्मक कार्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया।

रसोइयों के सम्मान से बढ़ेगा मनोबल : महेश शुक्ल

मुख्य अतिथि महेश शुक्ल ने कहा कि सरकार समाज के उन कर्मठ लोगों के सम्मान और कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है, जो अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कर रहे हैं। विद्यालय की रसोई से बच्चों की थाली तक पहुंचने वाला प्रत्येक निवाला केवल भोजन नहीं, बल्कि बच्चों के स्वास्थ्य और भविष्य से जुड़ा है।

उन्होंने कहा कि रसोइया बहनों का कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण और जिम्मेदारी भरा है। बढ़े हुए मानदेय और कैशलेस चिकित्सा सुविधा से उनके आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तीकरण को बल मिलेगा तथा उनका मनोबल बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर ही बेहतर शिक्षा की मजबूत नींव है और इस नींव को मजबूत करने में रसोइयों की भूमिका को कम करके नहीं आंका जा सकता।

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, सहायक शिक्षा निदेशक बेसिक बस्ती मंडल, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनूप कुमार, खंड शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार त्रिपाठी, जिला समन्वयक मध्यान्ह भोजन अमित कुमार मिश्र सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

इसके अलावा अनिल कुमार यादव, आशीष श्रीवास्तव, मिथिलेश श्रीवास्तव, राकेश पांडेय, दुर्गेश यादव, सुधीर तिवारी, प्रवीण श्रीवास्तव, वीरेंद्र शुक्ला, मोहम्मद आलम, बेगम खैर इंटर कॉलेज के चौधरी प्रबंधक, डॉ. दिनेश पांडेय, गिरीश चंद्र पांडेय, हरिशंकर शुक्ला, अनीत शुक्ला, अनिल पांडेय, ईश्वर चंद्र पांडेय, अमित कुमार सोनी, अतुल कुमार श्रीवास्तव, सिद्धांत कुमार, रविशंकर मिश्र, प्रदीप गुप्ता सहित तमाम अधिकारी, कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

समारोह का समापन रसोइयों के योगदान की सराहना और उनके प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए किया गया।