निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण परीक्षा के लिए जिलाधिकारी ने परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण
अनुराग लक्ष्य न्यूज
बस्ती। सम्मिलित अवर अधीनस्थ सेवा (स्नातक स्तरीय) मुख्य परीक्षा (प्रा०अ०प०-2025)/08 की लिखित परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना ने ए०एस०एच०एस० एण्ड जी०आर०एस० इण्टर कालेज एवं एपीएन डिग्री कॉलेज स्थित परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परीक्षा से संबंधित तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था एवं अभ्यर्थियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने परीक्षा कक्षों में अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था, प्रकाश, पेयजल, साफ-सफाई सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों का भी निरीक्षण किया और उनकी कार्यशीलता एवं निगरानी व्यवस्था के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
जिलाधिकारी ने केंद्र व्यवस्थापकों को आयोग की ओर से निर्धारित सभी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा परीक्षा पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न कराई जाए।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा के दौरान आयोग के सभी नियमों एवं निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारी एवं परीक्षा केंद्रों के केंद्र व्यवस्थापक मौजूद रहे।