अफवाह फैलाने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई: मोनालिसा जौहरी
बहराइच । आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना मुर्तिहा एवं थाना सुजौली परिसर में पीस कमेटी की बैठकें आयोजित की गईं। दोनों बैठकों की अध्यक्षता एसडीएम मोनालिसा जौहरी ने की। बैठकों में पुलिस क्षेत्राधिकारी, दोनों थानों के थाना प्रभारी, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी तथा क्षेत्र के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। एसडीएम मोनालिसा जौहरी ने कहा कि आगामी त्योहारों को आपसी भाईचारे, शांति एवं सौहार्द के साथ मनाया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने, कानून-व्यवस्था पर लगातार नजर रखने तथा किसी भी सूचना पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एसडीएम ने स्पष्ट कहा कि अफवाह फैलाने एवं माहौल बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक एवं आपत्तिजनक सूचनाओं पर भी विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। बैठकों में त्योहारों के दौरान यातायात व्यवस्था, साफ-सफाई, बिजली एवं पेयजल व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर भी चर्चा की गई। एसडीएम ने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सभी व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। एसडीएम ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि त्योहारों को प्रेम, शांति और भाईचारे के साथ मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर विश्वास न करें। दोनों बैठकों में उपस्थित गणमान्य नागरिकों एवं संभ्रांत लोगों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया।
:ःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःः