कलवारी क्षेत्र में तटबन्धों का डीएम-एसपी ने किया संयुक्त निरीक्षण
अनुराग लक्ष्य न्यूज
बस्ती । जिलाधिकारी बस्ती एवं पुलिस अधीक्षक बस्ती ने शनिवार को कलवारी क्षेत्र में स्थित तटबन्धों का संयुक्त निरीक्षण कर उनकी वर्तमान स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने तटबन्धों की मजबूती, पानी के बहाव तथा आसपास के क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में संबंधित अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए तटबन्धों की निगरानी व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने पर जोर दिया। पुलिस अधीक्षक बस्ती ने क्षेत्रीय पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाढ़ की आशंका को देखते हुए क्षेत्र में लगातार चौकसी और गश्त की जाए। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा संयुक्त रूप से किए गए निरीक्षण का उद्देश्य तटबन्धों की स्थिति पर लगातार निगरानी बनाए रखना, जनजीवन की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा संभावित आपदा से निपटने की तैयारियों को मजबूत करना है।
बस्ती पुलिस ने जनसामान्य से अपील की है कि तटबन्धों, जलस्तर या पानी के बहाव से संबंधित किसी भी असामान्य स्थिति की जानकारी तत्काल नजदीकी थाने अथवा पुलिस कंट्रोल रूम को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।