थाना समाधान दिवस में डीएम-एसपी ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं

थाना समाधान दिवस में डीएम-एसपी ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं

 

अनुराग लक्ष्य न्यूज

 

बस्ती। थाना कलवारी परिसर में शनिवार, 22 अगस्त 2026 को आयोजित थाना समाधान दिवस में जिलाधिकारी बस्ती श्रीमती कृतिका ज्योत्सना एवं पुलिस अधीक्षक बस्ती डॉ. यशवीर सिंह ने आमजन की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। इस दौरान बड़ी संख्या में फरियादियों ने पहुंचकर अपनी शिकायतें अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत कीं।

जिलाधिकारी ने राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का मौके पर जाकर स्थलीय निरीक्षण करते हुए निष्पक्ष एवं समयबद्ध तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए तथा फरियादियों को न्याय दिलाने के लिए प्रभावी कार्रवाई की जाए।

थाना समाधान दिवस में भूमि विवाद से संबंधित शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने ऐसे मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीमें गठित कर मौके पर जाकर जांच करने के निर्देश दिए। वहीं कानून-व्यवस्था एवं जनसामान्य से जुड़े अन्य मामलों को भी प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए गए।

अधिकारियों ने कहा कि शिकायतों का निस्तारण पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ किया जाए, जिससे आम जनता का प्रशासन एवं पुलिस के प्रति विश्वास कायम रहे। जटिल मामलों में संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध जांच कर उचित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

इस दौरान प्रभारी निरीक्षक कलवारी सहित राजस्व विभाग एवं पुलिस विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। थाना समाधान दिवस के माध्यम से प्राप्त शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों द्वारा आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई।