तांत्रिक विद्या के नाम पर डराकर जेवर हड़पने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
अनुराग लक्ष्य न्यूज
बस्ती । थाना सोनहा पुलिस ने तांत्रिक विद्या और पूजा-पाठ के नाम पर लोगों को डराने-धमकाने तथा मृत्यु का भय दिखाकर सोने-चांदी के आभूषण हड़पने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से एक सोने की चेन, एक सोने का मंगलसूत्र, एक चांदी का ब्रेसलेट और 4,000 रुपये नकद बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों को विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय भेज दिया गया।
थानाध्यक्ष सोनहा महेश सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को शुक्रवार को ग्राम भानपुर, शंकरपुर मोड़ तिराहा उकड़ा के पास से करीब सुबह 9 बजे गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रेम कुमार उर्फ फोलई पुत्र माधोराम, निवासी ग्राम टेगनहवा, थाना खोड़ारे, जनपद गोंडा, उम्र करीब 32 वर्ष तथा प्रदीप अग्रहरी पुत्र स्व. रामचन्दर, निवासी ग्राम टेगनहवा पश्चिम, थाना खोड़ारे, जनपद गोंडा, उम्र करीब 30 वर्ष के रूप में हुई है।
पूजा के नाम पर बनाया भय का माहौल
पुलिस के अनुसार, 20 अगस्त को सोनहा थाने में एक महिला ने प्रार्थना पत्र देकर शिकायत की थी कि उसके बेटे राधेश्याम की तबीयत अक्सर खराब रहती थी। इसी दौरान उसके रिश्तेदार मोहित ने एक तांत्रिक से संपर्क कराने की बात कही और बताया कि वह पूजा-पाठ एवं झाड़-फूंक के माध्यम से उसके बेटे को ठीक कर सकता है।
महिला अपने बेटे को लेकर आरोपी प्रेम कुमार उर्फ फोलई के पास गई। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने झाड़-फूंक करने के बाद महिला को बताया कि उसके घर पर भूत-प्रेत का साया है और विशेष पूजा करने की जरूरत है।
आरोप है कि 15 जून को प्रेम कुमार उर्फ फोलई अपने एक साथी के साथ महिला के घर पहुंचा और पूजा-पाठ करने लगा। इसके बाद दोनों ने महिला से उसके बेटे के सोने-चांदी के आभूषण तथा मंगलसूत्र यह कहकर मांगे कि उन्हें लेकर समय माता मंदिर में पूजा की जाएगी और पूजा के बाद सामान वापस कर दिया जाएगा।
महिला द्वारा आभूषण देने से इनकार करने पर आरोपियों ने कथित तौर पर उसे डराया-धमकाया और कहा कि यदि आभूषण नहीं दिए गए तो तंत्र-मंत्र के जरिए उसके बेटे की मृत्यु हो जाएगी। बेटे की जान को खतरा समझकर महिला ने एक चांदी का ब्रेसलेट, सोने की चेन और अपना मंगलसूत्र आरोपियों को दे दिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी आभूषण लेकर मंदिर जाने की बात कहकर वहां से चले गए, लेकिन वापस नहीं लौटे। बाद में महिला ने जब आरोपियों से अपना सामान वापस मांगा तो कथित तौर पर उसके बदले तीन लाख रुपये की मांग की गई और दोबारा पूजा कर बेटे की मृत्यु होने का भय दिखाया गया।
महिला की तहरीर के आधार पर थाना सोनहा में मु0अ0सं0 199/26, धारा 308(5) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कथित रूप से हड़पे गए आभूषण और नकदी बरामद कर ली।
दोनों आरोपियों पर पहले से मुकदमे
पुलिस के अनुसार, आरोपी प्रेम कुमार उर्फ फोलई के विरुद्ध थाना सोनहा में मुकदमा संख्या 199/26 धारा 308(5) बीएनएस, थाना पुरानी बस्ती में मुकदमा संख्या 165/2026 धारा 319(2), 318(4), 123 बीएनएस तथा थाना डुमरियागंज, जनपद सिद्धार्थनगर में मुकदमा संख्या 21/2026 धारा 318(4), 351(3), 352 बीएनएस दर्ज है।
वहीं, आरोपी प्रदीप अग्रहरी के विरुद्ध थाना सोनहा में मुकदमा संख्या 199/26 धारा 308(5) बीएनएस तथा थाना पुरानी बस्ती में मुकदमा संख्या 165/2026 धारा 319(2), 318(4), 123 बीएनएस दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम
कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष सोनहा महेश सिंह, उपनिरीक्षक इन्द्रजीत तिवारी, उपनिरीक्षक जय प्रकाश तिवारी, कांस्टेबल मनोज कुमार यादव तथा कांस्टेबल देवानन्द यादव शामिल रहे।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया।