बीएसए ने संविलयन विद्यालय कन्या पुर्सिया का किया औचक निरीक्षण
अनुराग लक्ष्य न्यूज
बस्ती। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनूप तिवारी ने गुरुवार को संविलयन विद्यालय कन्या पुर्सिया का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिलने पर उन्होंने इंचार्ज प्रधानाध्यापक ओम प्रकाश को कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने निर्देश दिया कि विद्यालय में पाई गई सभी अव्यवस्थाओं को आगामी दो कार्य दिवस के भीतर दुरुस्त कराया जाए।
बीएसए ने विद्यालय में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर जोर देते हुए खेल गतिविधियों को नियमित रूप से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए विद्यालय परिसर में कबड्डी, बैडमिंटन और वॉलीबॉल के लिए खेल मैदान तैयार कराया जाए, जिससे छात्र-छात्राओं को नियमित रूप से खेलकूद की सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने मध्यान्ह भोजन (एमडीएम) की गुणवत्ता का भी जायजा लिया। उन्होंने बच्चों के लिए तैयार रोटी एवं सब्जीयुक्त दाल की बारीकी से जांच की। इसके बाद बच्चों के साथ बैठकर स्वयं मध्यान्ह भोजन ग्रहण कर उसकी गुणवत्ता परखी।
भोजन न करने वाले बच्चों से बीएसए ने संवाद कर भोजन न करने का कारण जाना। उन्होंने बच्चों को समझाते हुए अपने साथ बैठाकर भोजन कराया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में पठन-पाठन, स्वच्छता, भोजन व्यवस्था और बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
बीएसए अनूप तिवारी ने विद्यालय प्रबंधन को स्पष्ट निर्देश दिया कि बच्चों को स्वच्छ, सुरक्षित और बेहतर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराने में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।