साइबर थाना बस्ती की प्रभावी विवेचना से पीड़ित के खाते में वापस कराई गई ₹47,500 की ठगी की रकम
अनुराग लक्ष्य न्यूज
बस्ती। साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत साइबर थाना बस्ती पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस की प्रभावी विवेचना और संबंधित बैंक के साथ समन्वय के चलते ट्रेडिंग के नाम पर साइबर ठगी के शिकार हुए पीड़ित के खाते में ₹47,500 की धनराशि वापस करा दी गई।
पुलिस अधीक्षक बस्ती डॉ. यशवीर सिंह के निर्देशन में साइबर अपराधियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में वादी विधेय मिश्र द्वारा साइबर थाना बस्ती में मु0अ0सं0 09/2026, धारा 319(2), 318(4) बीएनएस एवं 66D आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया था। पीड़ित के साथ साइबर ठगों ने ट्रेडिंग के नाम पर धोखाधड़ी कर धनराशि हड़प ली थी।
मामले की विवेचना साइबर थाना बस्ती द्वारा की जा रही थी। विवेचक/प्रभारी निरीक्षक साइबर क्राइम विजय नारायण मिश्रा ने तत्काल कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी में इस्तेमाल किए गए बैंक खातों और यूपीआई आईडी की जानकारी जुटाई। इसके बाद संबंधित बैंकों से पत्राचार कर ठगी की रकम को होल्ड/फ्रीज कराया गया।
साइबर थाना पुलिस और संबंधित बैंक अधिकारियों के बीच लगातार समन्वय एवं फॉलोअप के बाद विवेचना के क्रम में 19 अगस्त 2026 को पीड़ित के खाते में कुल ₹47,500 की धनराशि सफलतापूर्वक वापस करा दी गई। रकम वापस मिलने पर पीड़ित ने साइबर थाना बस्ती पुलिस की त्वरित और सराहनीय कार्रवाई की प्रशंसा की।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि साइबर ठगी का शिकार होने पर घबराएं नहीं और तत्काल 1930 पर कॉल करें। साथ ही राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। पुलिस ने लोगों को किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, बैंक खाते की जानकारी, एटीएम/डेबिट कार्ड संबंधी विवरण या अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करने की सलाह दी है।