दिव्यांग बच्चों के लिए बीआरसी विक्रमजोत में उपकरण मापन कैंप का आयोजन, 156 बच्चों का हुआ परीक्षण
अनुराग लक्ष्य न्यूज
बस्ती। समग्र शिक्षा की समेकित शिक्षा योजना के अंतर्गत दिव्यांग बच्चों को आवश्यक उपकरण और उपस्कर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बीआरसी विक्रमजोत में एक विशेष उपकरण मापन कैंप का आयोजन किया गया। भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को), कानपुर के सहयोग से आयोजित इस शिविर में कुल 156 दिव्यांग बच्चों का शारीरिक परीक्षण कर उनकी आवश्यकता का आंकलन किया गया।
जांच के उपरांत चिन्हित सभी बच्चों को उनकी जरूरत के अनुसार ट्राई साइकिल, बैसाखी, व्हील चेयर, सी.पी. चेयर, आईडी टीएलएम (ID TLM) किट, हियरिंग एड और ब्रेल किट जैसे उपकरण आगामी 27 अक्टूबर 2026 को आयोजित होने वाले वितरण समारोह में प्रदान किए जाएंगे।
जनपद में दिव्यांग बच्चों के परीक्षण के लिए अभी दो और उपकरण मापन कैंप आयोजित किए जाएंगे। अगला कैंप कल 21 अगस्त को बी.आर.सी. सॉउघाट में और अंतिम कैंप 22 अगस्त 2026 को बी.आर.सी. बहादुरपुर में आयोजित होगा।
बीआरसी विक्रमजोत में आयोजित शिविर के दौरान एलिम्को कानपुर से आए कृत्रिम अंग विशेषज्ञ फैसल करीम, अखिलेश यादव, ऑडियोलॉजिस्ट बाल गोपाल, तकनीशियन विवेक कुमार और डाटा ऑपरेटर आकाश की टीम ने बच्चों का गहन परीक्षण किया।
यह पूरा कार्यक्रम जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनूप कुमार तिवारी के कुशल निर्देशों के तहत जिला समन्वयक सुनील कुमार त्रिपाठी के संचालन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम को सफल बनाने में विभाग के सभी स्पेशल एजुकेटरों और फिजियोथेरेपिस्ट अजय पांडेय ने अपना विशेष सहयोग दिया। इसके अलावा, बच्चों के ऑनलाइन यूडीआईडी (UDID) पंजीकरण में महिंद्रा टेक फाउंडेशन की ऋतु पांडेय और अभिषेक ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।