अंतरजनपदीय ई-रिक्शा बैटरी चोर गिरफ्तार, पांच बैटरियां समेत चोरी में प्रयुक्त कार बरामद
अनुराग लक्ष्य न्यूज
बस्ती। थाना कोतवाली पुलिस एवं एंटी थेफ्ट टीम बस्ती की संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने अंतरजनपदीय स्तर पर ई-रिक्शा की बैटरियां चोरी करने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की 05 बैटरियां, एक बैटरी चार्जर, चोरी में प्रयुक्त मारुति सुजुकी डिजायर कार, सब्बल, पिलास, दो रिंच तथा दो हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट बरामद की हैं। घटना में प्रयुक्त वाहन को पुलिस ने धारा 207 एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजू कश्यप पुत्र लक्ष्मण कश्यप, निवासी धोबिन पुरवा, थाना जरवल रोड, जनपद बहराइच, उम्र करीब 42 वर्ष के रूप में हुई है। आरोपी को 19 अगस्त 2026 को तड़के करीब 3:20 बजे गंदा नाला पुल, हरदिया चौराहा, वाल्टरगंज रोड से हिरासत में लिया गया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी थाना कोतवाली में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 357/26 तथा 284/26 से संबंधित मामलों में वांछित था। जांच के दौरान सामने आए अन्य आरोपियों शुभम यादव उर्फ संतबक्स, हरिचरण और विकास यादव, सभी निवासी जनपद गोंडा, की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम प्रयास कर रही है।
रात में ताला तोड़कर बैटरियां चोरी करने का आरोप
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह ई-रिक्शा एवं अन्य वाहनों की सर्विस और मरम्मत का काम करता है तथा बैटरियों की खरीद-बिक्री भी करता है। पुलिस के अनुसार आरोपी अपने साथियों के साथ चोरी की गई ई-रिक्शा बैटरियां अपनी दुकान पर रखता था और बाद में उन्हें कम कीमत पर बेच देता था।
पुलिस के मुताबिक 5/6 अगस्त की रात आरोपियों ने बस्ती के बड़ेबन स्थित माही मोटर्स का ताला तोड़कर एक बैटरी व चार्जर चोरी किया था। इसके अलावा कटरा पानी की टंकी के पास सड़क किनारे खड़े ई-रिक्शा से चार बैटरियां चोरी की गई थीं।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने 28/29 जून की रात बस्ती शहर में चोरी का प्रयास किया था। मौका नहीं मिलने पर पचपेड़िया रोड स्थित मॉडल शॉप का ताला तोड़कर काउंटर से करीब 1.5 लाख रुपये चोरी किए जाने की बात भी पुलिस ने बताई है।
चोरी में इस्तेमाल करते थे बदली हुई नंबर प्लेट
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि चोरी करने के दौरान वाहन की नंबर प्लेट खोलकर कार के अंदर रख लेते थे। पुलिस ने मौके से दो हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट भी बरामद की हैं। चोरी के दौरान ताला तोड़ने और बैटरियां खोलने के लिए सब्बल, पिलास और रिंच का इस्तेमाल किया जाता था।
तीन आरोपी अभी फरार
पुलिस के अनुसार मामले में प्रकाश में आए शुभम यादव उर्फ संतबक्स पुत्र बृज कुमार निवासी नरसड़ा, थाना उमरी बेगमगंज, गोंडा; हरिचरण पुत्र राघवराम निवासी मदरही सोनौली मोहम्मदपुर, थाना उमरी बेगमगंज, गोंडा तथा विकास यादव पुत्र रामनेवाज यादव निवासी अयली परसौली घोरहनपुरवा, थाना उमरी बेगमगंज, गोंडा की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
संयुक्त पुलिस टीम ने की कार्रवाई
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली बृजानन्द सिंह, प्रभारी एंटी थेफ्ट टीम भानु प्रताप सिंह, चौकी प्रभारी बड़ेबन उपनिरीक्षक जितेन्द्र सिंह, चौकी प्रभारी पटेल चौक उपनिरीक्षक रामअशोक यादव, एंटी थेफ्ट टीम के हेड कांस्टेबल अतुल चौबे, कांस्टेबल अभिलाष सिंह, सुभेन्द्र तिवारी, सौरभ मिश्रा तथा थाना कोतवाली के कांस्टेबल रामसिंह, हरेराम सिंह, अनुनय सिंह और रिजर्व कांस्टेबल मनीष यादव शामिल रहे।