महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में आरसेटी की पहल, जूनियर ब्यूटी प्रैक्टिशनर प्रशिक्षण शुरू
अनुराग लक्ष्य न्यूज
बस्ती। भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी), बस्ती में महिलाओं एवं युवतियों को स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से निःशुल्क जूनियर ब्यूटी प्रैक्टिशनर प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन समारोह गरिमामय वातावरण में आयोजित हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य प्रबंधक, जिला अग्रणी बैंक आर.एन. मौर्य, डीडीएम नाबार्ड मनीष कुमार एवं आरसेटी निदेशक मृत्युञ्जय मिश्रा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर अतिथियों ने प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में कौशल विकास के माध्यम से महिलाएं एवं युवा आत्मनिर्भर बन सकते हैं। ब्यूटी एवं वेलनेस के क्षेत्र में रोजगार और स्वरोजगार की अपार संभावनाएं हैं। प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद प्रतिभागी अपना स्वयं का ब्यूटी पार्लर शुरू कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकते हैं।
आरसेटी निदेशक मृत्युञ्जय मिश्रा ने प्रशिक्षणार्थियों को नियमित रूप से प्रशिक्षण प्राप्त करने तथा सीखे हुए हुनर का उपयोग स्वरोजगार स्थापित करने में करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि संस्थान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं एवं महिलाओं को विभिन्न रोजगारपरक प्रशिक्षण देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।
कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षणार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। सभी ने ब्यूटी एवं पार्लर से संबंधित विभिन्न कौशल सीखकर भविष्य में अपना स्वयं का रोजगार स्थापित करने का संकल्प लिया।
अंत में आरसेटी निदेशक ने सभी अतिथियों एवं प्रशिक्षणार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर आरसेटी के संकाय सदस्य धीरज राय, अखिलेश मिश्रा, सहायक मंजय सिंह, अटेंडर मनोज कुमार सहित सभी प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे।