वर्दी में सेवा, हाथों में झाड़ू; संतकबीरनगर पुलिस ने मंदिरों और तालाबों में चलाया स्वच्छता अभियान

वर्दी में सेवा, हाथों में झाड़ू; संतकबीरनगर पुलिस ने मंदिरों और तालाबों में चलाया स्वच्छता अभियान

 

सावन के पावन माह में पुलिस की अनोखी पहल, मंदिर परिसरों की सफाई कर दिया स्वच्छता का संदेश

 

संदीप कुमार मीणा के नेतृत्व में जनपदभर में चला अभियान, पुलिस और जनता के बीच बढ़ा विश्वास

 

जितेंद्र पाठक

 

संतकबीरनगर। सावन के तीसरे सोमवार के उपरांत संतकबीरनगर पुलिस ने श्रद्धा, सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत करते हुए जनपदभर के मंदिरों, मंदिर परिसरों और आसपास स्थित तालाबों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीणा के नेतृत्व और मार्गदर्शन में चलाए गए इस अभियान ने पुलिस की जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता को एक नई पहचान दी।

अभियान के दौरान विभिन्न थाना क्षेत्रों और पुलिस चौकियों के आसपास स्थित मंदिरों एवं तालाब परिसरों की साफ-सफाई की गई। पुलिसकर्मियों ने स्वयं झाड़ू लगाकर कूड़ा-कचरा हटाया और मंदिर परिसर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।

स्वच्छता अभियान के माध्यम से पुलिसकर्मियों ने लोगों को सार्वजनिक और धार्मिक स्थलों को साफ-सुथरा रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने स्वच्छता को सामाजिक जिम्मेदारी बताते हुए आमजन से इसमें सहयोग करने की अपील भी की।

इस दौरान श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने पुलिसकर्मियों की इस पहल की सराहना की। मंदिरों और तालाबों की सफाई से क्षेत्र में स्वच्छ और सकारात्मक वातावरण का निर्माण हुआ, वहीं पुलिस और आमजन के बीच विश्वास और संवाद भी मजबूत हुआ।

संतकबीरनगर पुलिस ने इस अभियान के माध्यम से यह संदेश दिया कि पुलिस का दायित्व केवल कानून व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना भी है। सावन के पावन माह में चलाया गया यह विशेष अभियान सेवा, सुरक्षा, स्वच्छता और सामाजिक सहभागिता का प्रेरणादायक उदाहरण बन गया।

“वर्दी का सम्मान, जनता का विश्वास- सेवा, सुरक्षा और स्वच्छता के साथ संतकबीरनगर पुलिस।”