कटरा में सीएनजी लीक होने से मची अफरा-तफरी, बड़ा हादसा टला

कटरा में सीएनजी लीक होने से मची अफरा-तफरी, बड़ा हादसा टला

 

अनुराग लक्ष्य न्यूज

 

बस्ती। शहर के कटरा क्षेत्र में मंगलवार को डॉक्टर सलीम के अस्पताल के ठीक सामने उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सीएनजी से भरे एक मालवाहक वाहन से अचानक गैस का रिसाव होने लगा। देखते ही देखते सड़क पर सीएनजी फैलने की आशंका से आसपास मौजूद लोगों में दहशत का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मालवाहक वाहन से सीएनजी लीक होने के बाद सड़क पर काफी मात्रा में गैस निकलती दिखाई दी। घटना की जानकारी होते ही आसपास के लोग सतर्क हो गए और संभावित खतरे को देखते हुए वाहन से दूरी बना ली।

गनीमत रही कि वाहन में मौजूद सीएनजी खत्म हो जाने के बाद गैस का रिसाव भी बंद हो गया और बड़ा हादसा टल गया। घटना के दौरान मौके पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते गैस का रिसाव बंद नहीं होता तो किसी बड़े हादसे की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता था। घटना ने सीएनजी से संचालित मालवाहक वाहनों की सुरक्षा और नियमित जांच को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

फिलहाल सीएनजी खत्म होने के बाद खतरा टल गया और लोगों ने राहत की सांस ली।