हरियाली तीज पर वामा सारथी ने मनाया भव्य कार्यक्रम, प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने बिखेरा जलवा
अनुराग लक्ष्य न्यूज
बस्ती। हरियाली तीज पर्व के अवसर पर उत्तर प्रदेश पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन (वामा सारथी) के तत्वावधान में रविवार, 16 अगस्त 2026 को रिजर्व पुलिस लाइन बस्ती के सभागार कक्ष में भव्य हरियाली तीज कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन वामा सारथी अध्यक्षा एवं पत्नी पुलिस अधीक्षक बस्ती प्रियंका सिंह की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम में पुलिस परिवार की महिलाओं एवं वामा सारथी सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पत्नी पुलिस अधीक्षक संत कबीर नगर संजीवनी मीणा, पत्नी अपर पुलिस अधीक्षक संत कबीर नगर अंकिता, पत्नी नगर आयुक्त अयोध्या रौशनी, डॉ. करिश्मा पाण्डेय, पत्नी क्षेत्राधिकारी लाइन दीपा यादव, क्षेत्राधिकारी हरैया सुश्री स्वर्णिमा सिंह एवं क्षेत्राधिकारी एलआईयू सुश्री रुचि गुप्ता मौजूद रहीं।
कार्यक्रम का संचालन प्रभारी निरीक्षक महिला थाना डॉ. शालिनी सिंह ने किया। इस दौरान विभिन्न मनोरंजक एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। तीज क्वीन प्रतियोगिता में महिला थाना की कांस्टेबल शिल्पा मिश्रा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। तिलोत्तमा यादव थाना मुंडेरवा ने द्वितीय तथा कंचन दुबे थाना कोतवाली ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इसके अलावा एकल नृत्य प्रतियोगिता में आयुषी मिश्रा विजेता रहीं, जबकि समूह नृत्य प्रतियोगिता में आयुषी यादव एवं रूबी ने शानदार प्रस्तुति देकर प्रथम स्थान हासिल किया। रैम्प वॉक में प्रतिभाग करने वाली सभी महिलाओं को उपहार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम स्थल पर आकर्षक ढंग से खूबसूरत झूले लगाए गए थे, जिनका महिलाओं एवं पुलिस परिवार के सदस्यों ने जमकर आनंद लिया। हरियाली तीज के पारंपरिक रंग में सजे कार्यक्रम में गीत-संगीत और नृत्य ने माहौल को उत्साह और उमंग से भर दिया।
महिला थाना में नियुक्त म0का0 ममता यादव एवं हे0का0 प्रीती गुप्ता द्वारा प्रस्तुत मनमोहक नृत्य ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। उनकी प्रस्तुति की उपस्थित लोगों ने जमकर सराहना की।
कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों ने वामा सारथी द्वारा आयोजित भव्य आयोजन की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम पुलिस परिवार के सदस्यों को एक-दूसरे से जुड़ने और अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर अवसर प्रदान करते हैं।
इस अवसर पर प्रतिसार निरीक्षक बस्ती एवं प्रभारी वामा सारथी सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारीगण तथा पुलिस परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम हर्षोल्लास एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।