स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर सोनौली सीमा पर बढ़ाई गई चौकसी
डीएम गौरव सिंह सोगरवाल और एसपी शक्ति मोहन अवस्थी ने किया औचक निरीक्षण, सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश
नौतनवां (महराजगंज)। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ कर दिया गया है। सोमवार को जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल एवं पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने सोनौली भारत-नेपाल सीमा तथा इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट (ICP) का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने सीमा पर तैनात सुरक्षा एजेंसियों एवं पुलिस बल को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के दृष्टिगत सीमा क्षेत्र में किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि पर विशेष नजर रखी जाए तथा आने-जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति, वाहन और सामान की गहनता से जांच सुनिश्चित की जाए।
डीएम और एसपी ने सीमा पर तैनात एसएसबी (SSB) तथा पुलिस अधिकारियों से सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सुरक्षा एजेंसियों को आपसी बेहतर समन्वय के साथ 24 घंटे प्रभावी निगरानी बनाए रखने पर जोर दिया।
अधिकारियों ने कहा कि सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के साथ ही आम यात्रियों और व्यापारियों के आवागमन को भी सुचारु बनाए रखा जाए। जांच के दौरान अनावश्यक परेशानी न हो, इसका भी विशेष ध्यान रखा जाए।
आगामी त्योहारों के मद्देनजर नेपाल से भारत आने वाले श्रद्धालुओं और कांवड़ यात्रियों की सुविधा पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि सुरक्षा मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता किए बिना श्रद्धालुओं के आवागमन को व्यवस्थित रखा जाए।
औचक निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सीमा क्षेत्र के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थानों का जायजा लेते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वतंत्रता दिवस के दौरान सीमा क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।