कांवड़ियों की सेवा में जुटा पटेल एसएमएच हॉस्पिटल व रोटरी क्लब, स्वास्थ्य शिविर में सैकड़ों श्रद्धालुओं का उपचार
अनुराग लक्ष्य न्यूज
बस्ती। श्रावण मास में अयोध्या धाम से पवित्र सरयू जल लेकर बाबा भद्रेश्वर नाथ धाम में जलाभिषेक के लिए पैदल जा रहे कांवड़ यात्रियों की सेवा के लिए जगह-जगह सेवा शिविर लगाए जा रहे हैं। इसी क्रम में पटेल एसएमएच हॉस्पिटल एवं रोटरी क्लब बस्ती ग्रेटर के संयुक्त तत्वावधान में डॉ. वीके वर्मा के नेतृत्व में कांवड़ यात्रियों के लिए स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया।
शिविर में अयोध्या से भद्रेश्वर नाथ धाम की ओर पैदल यात्रा कर रहे शिवभक्त कांवड़ियों को आवश्यक चिकित्सीय सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। यात्रा के दौरान थकान, कमजोरी, शरीर में दर्द, रक्तचाप सहित विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से जूझ रहे सैकड़ों श्रद्धालुओं की जांच एवं उपचार किया गया। चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों ने कांवड़ियों की स्वास्थ्य जांच करने के साथ उन्हें आवश्यक दवाएं एवं चिकित्सीय परामर्श भी दिया।
इस अवसर पर डॉ. वीके वर्मा ने कहा कि कांवड़ यात्रियों की सेवा का यह सिलसिला पिछले करीब 16 वर्षों से लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि अयोध्या से पवित्र सरयू जल लेकर बाबा भद्रेश्वर नाथ धाम तक पहुंचने वाले शिवभक्त कठिन एवं लंबी पैदल यात्रा करते हैं। ऐसे में रास्ते में उन्हें स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना समाज के प्रति महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि सेवा कार्य को आगे भी निरंतर जारी रखने का प्रयास किया जाएगा। शिवभक्तों की सेवा करना केवल सामाजिक दायित्व ही नहीं, बल्कि आस्था और मानवता की सच्ची सेवा भी है।
डॉ. वर्मा ने कांवड़ यात्रियों से यात्रा के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील करते हुए कहा कि श्रद्धा और उत्साह के साथ यात्रा करना अच्छी बात है, लेकिन सुरक्षा को भी सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने श्रद्धालुओं से नशे से पूरी तरह दूर रहने, डीजे की आवाज नियंत्रित रखने और निर्धारित लेन में अनुशासन के साथ चलने की अपील की।
उन्होंने कहा कि तेज आवाज में डीजे बजाने से कांवड़ यात्रियों के साथ-साथ सड़क पर आवागमन करने वाले अन्य लोगों को भी परेशानी हो सकती है तथा दुर्घटना की आशंका बढ़ सकती है। इसलिए सभी श्रद्धालु संयम, अनुशासन और आपसी सहयोग के साथ यात्रा करें, जिससे कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित तरीके से संपन्न हो सके।
स्वास्थ्य शिविर में चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा की जा रही सेवा से कांवड़ यात्री काफी प्रसन्न नजर आए। श्रद्धालुओं ने स्वास्थ्य शिविर के आयोजकों का आभार जताते हुए कहा कि कठिन यात्रा के दौरान इस तरह की चिकित्सा सुविधा मिलने से उन्हें काफी राहत मिलती है।
शिविर में सेवा भाव से जुटे सदस्यों ने कहा कि शिवभक्तों की सेवा ही सच्ची सेवा और आस्था का प्रतीक है। कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए इस प्रकार के सेवा कार्य आगे भी जारी रहेंगे।