शिवभक्तों की सेवा में आगे आया हर्रैया जगह-जगह सजे भंडारे

शिवभक्तों की सेवा में आगे आया हर्रैया जगह-जगह सजे भंडारे

 

बस्ती। पवित्र श्रावण मास की कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों की सेवा के लिए हर्रैया क्षेत्र में आस्था और सेवा का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। यात्रा मार्ग पर जगह-जगह भंडारे पेयजल और मेडिकल कैंप लगाकर कांवड़ियों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जा रहा है।

नगर पंचायत अध्यक्ष कुंवर कौशलेंद्र प्रताप सिंह की ओर से आयोजित विशाल भंडारे में कांवड़ियों को श्रद्धापूर्वक प्रसाद वितरित करने के साथ मेडिकल कैंप के माध्यम से स्वास्थ्य सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। शिवभक्तों की सुविधा के लिए की गई व्यापक व्यवस्थाओं की श्रद्धालुओं ने सराहना की। नगर पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि शिवभक्तों की सेवा उनके लिए सौभाग्य और पुण्य का अवसर है। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए हरसंभव व्यवस्था की जा रही है।वहीं तेनुआ नेशनल हाईवे पर समाजवादी लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष संदीप चौधरी के नेतृत्व में आयोजित विशाल भंडारा भी आकर्षण का केंद्र रहा। कांवड़ यात्रा से गुजर रहे बड़ी संख्या में शिवभक्तों ने भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया। संदीप चौधरी की अगुवाई में की गई सेवा व्यवस्था की श्रद्धालुओं ने सराहना करते हुए इसे शिवभक्ति का सराहनीय उदाहरण बताया दोनों आयोजनों में विधायक महेंद्रनाथ यादव कप्तानगंज विधायक कविंद्र अतुल चौधरी भी पहुंचे और शिवभक्तों की सेवा में सहभागिता की। इस दौरान यात्रा मार्ग पर हर हर महादेव और बोल बम के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा श्रावण मास में जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की ओर से शिवभक्तों के लिए की जा रही सेवा से कांवड़ यात्रा मार्ग पर आस्था सेवा और सहयोग की तस्वीर देखने को मिल रही है।