हजरतगंज में बंद मकान से लाखों की चोरी का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार; चोरी का सामान और नकदी बरामद

हजरतगंज में बंद मकान से लाखों की चोरी का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार; चोरी का सामान और नकदी बरामद

लखनऊ। हजरतगंज थाना क्षेत्र में बंद मकान से कीमती सामान और घरेलू वस्तुओं की चोरी के दो मामलों का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का सामान, नकदी और अन्य वस्तुएं बरामद की हैं। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।पुलिस के अनुसार, शाहनजफ रोड निवासी कृष्ण कुमार ने 31 जुलाई को थाना हजरतगंज में तहरीर देकर बताया था कि 27 जुलाई को उनके मकान के ऊपरी हिस्से में बने बाथरूम से जगुआर कंपनी की दो टोटियां चोरी हो गई थीं। इसके अलावा घर की तीनों अलमारियां खुली मिलीं और सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर चांदी की आठ कटोरियां, चार गिलास, 30 चांदी के सिक्के, पुराने फोटो कैमरे, साड़ियां, सूट तथा अन्य कीमती सामान चोरी होना पाया गया। इस शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया।इसके बाद 5 अगस्त को वादी ने पुनः शिकायत दर्ज कराई कि उसी मकान से तीन पुराने पंखे और एक एग्जॉस्ट फैन भी चोरी हो गया है। इस मामले में भी अलग मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

घटना के खुलासे के लिए हजरतगंज पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने 6 अगस्त की रात न्यू लक्ष्मण मेला मैदान से तीन आरोपियों जयराम मौर्या उर्फ वाइटनर, सुनील यादव और शारिफ को गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे नशे के आदी हैं और नशे की लत पूरी करने के लिए बंद मकानों को निशाना बनाते थे। पहले वे मकानों की रेकी करते थे और रात के समय दीवार फांदकर घर में प्रवेश करते थे। इसके बाद दरवाजे के नीचे बने खाली स्थान का उपयोग कर अंदर पहुंचते और अलमारियों के ताले तोड़कर नकदी, चांदी के सामान तथा अन्य कीमती वस्तुएं चोरी कर लेते थे। चोरी का सामान अज्ञात लोगों को बेचकर प्राप्त धनराशि आपस में बांट लेते थे और उसी पैसे से नशे के पदार्थ तथा अन्य खर्च पूरे करते थे।पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी से संबंधित एक चांदी का सिक्का, तीन पंखों के सामान तथा 5,150 रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामदगी के आधार पर दोनों मुकदमों में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी की गई है।पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में जयराम मौर्या और सुनील यादव के विरुद्ध पहले से भी चोरी सहित अन्य आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक इतिहास तथा उनसे जुड़ी अन्य चोरी की घटनाओं की भी जांच कर रही है।कमिश्नरेट पुलिस का कहना है कि राजधानी में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए लगातार निगरानी और अभियान चलाया जा रहा है। मामले की विवेचना जारी है और यदि जांच में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।