टेम्पो में महिलाओं की चेन उड़ाने वाले अंतरजनपदीय गैंग का सरगना गिरफ्तार, स्कॉर्पियो गाड़ी सहित सोने के कई जेवरात बरामद

टेम्पो में महिलाओं की चेन उड़ाने वाले अंतरजनपदीय गैंग का सरगना गिरफ्तार, स्कॉर्पियो गाड़ी सहित सोने के कई जेवरात बरामद

 

बस्ती। छावनी थाना पुलिस ने टेम्पो में सफर कर रही महिलाओं के गहने चोरी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह के सरगना को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई एक सोने की चेन, ‘ॐ’ अंकित सोने का लॉकेट (कुल कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये), घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन तथा अन्य सामान बरामद किया है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान गोरखपुर जनपद के झंगहा थाना क्षेत्र निवासी पंकज कुमार के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी अपनी चार महिला सहयोगियों के साथ विभिन्न जिलों में टैक्सी व टेम्पो स्टैंड पर महिलाओं को निशाना बनाकर गहने चोरी करता था। गिरोह की चारों महिला सदस्य पहले ही अमेठी पुलिस द्वारा गिरफ्तार की जा चुकी हैं। छावनी क्षेत्र के विक्रमजोत टेम्पो स्टैंड से अयोध्या जा रही महिला की चेन चोरी की घटना के खुलासे के लिए गठित पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और फास्टैग के आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय भेज दिया गया है।