मण्डल स्तरीय हैंडबॉल प्रतियोगिता में बस्ती का दबदबा
अनुराग लक्ष्य न्यूज
बस्ती। शहीद सत्यवान सिंह स्टेडियम में मंडल स्तरीय माध्यमिक विद्यालयीय हैंडबॉल प्रतियोगिता का आयोजन बुधवार को किया गया, जिसमें मंडल के दो जनपदों बस्ती और संतकबीरनगर की टीमों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता का उद्घाटन जिला क्रीड़ा अधिकारी दिलीप कुमार तथा आयोजक विद्यालय बेगम खैर गर्ल्स इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या मुस्लिमा खातून ने संयुक्त रूप से किया।
प्रतियोगिता में बस्ती जनपद से बालिका वर्ग की दो तथा बालक वर्ग की एक टीम ने हिस्सा लिया, जबकि संतकबीरनगर से बालक वर्ग की एक टीम ने प्रतिभाग किया। उद्घाटन मैच अंडर-19 बालक वर्ग में बस्ती और संतकबीरनगर के बीच खेला गया, जिसमें बस्ती की टीम विजयी रही। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए अंडर-19 और अंडर-14 बालिका वर्ग में बस्ती की टीमों का चयन किया गया। वहीं अंडर-19 बालक वर्ग में दोनों जनपदों के खिलाड़ियों को मिलाकर संयुक्त टीम बनाई गई। बालिका वर्ग में बस्ती की दोनों टीमों को वॉकओवर मिलने के कारण उन्हें सीधे राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित किया गया।
समापन अवसर पर आयोजक विद्यालय की प्रधानाचार्या ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल और ट्रॉफी प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने प्रतियोगिता में शामिल सभी खिलाड़ियों और अतिथियों का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों के चयनकर्ता वरिष्ठ शारीरिक शिक्षा शिक्षक प्रभाकर ओझा, रमेश चंद्र गुप्ता, विवेकानंद यादव और चंद्र प्रकाश पाण्डेय रहे। प्रतियोगिता का संचालन अजय कुमार वर्मा और माता प्रसाद त्रिपाठी की देखरेख में संपन्न हुआ, जबकि नाजिया और विकास सोनकर ने रेफरी की भूमिका निभाई।
इस अवसर पर शकील, रामचंद्र यादव, शबाना अंजुम, आरिफा खातून, रीता देवी, सावित्री उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।