भारत स्वाभिमान और पतंजलि योग समिति ने मनाया जड़ी बूटी दिवस, औषधीय पौधों और वृक्षों के संरक्षण और संवर्द्धन का दिया संदेश
अनुराग लक्ष्य न्यूज
बस्ती। पतंजलि योग समिति, भारत स्वाभिमान (न्यास), युवा भारत, महिला पतंजलि योग समिति, युवा भारत एवं पतंजलि किसान सेवा समिति, जिला बस्ती के संयुक्त तत्वावधान में पूज्य आचार्य बालकृष्ण जी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में योगाचार्य गरुण ध्वज पाण्डेय द्वारा वैदिक यज्ञ के माध्यम से जड़ी-बूटी दिवस हर्षोल्लास एवं श्रद्धापूर्वक मनाया गया। आजीवन सदस्य राजेश श्रीवास्तव कैलाशी ने सपरिवार यजमान रहे।
कार्यक्रम के अंतर्गत औषधीय एवं पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से विभिन्न प्रकार की औषधीय जड़ी-बूटियों का निःशुल्क वितरण किया गया तथा उपस्थित लोगों को अपने घरों एवं आसपास औषधीय पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया गया। डॉ नवीन सिंह महामंत्री भारत स्वाभिमान समिति और डॉ वीरेन्द्र त्रिपाठी महामंत्री पतंजलि योग समिति बस्ती ने कहा कि आयुर्वेद हमारी प्राचीन चिकित्सा पद्धति है और जड़ी-बूटियाँ स्वस्थ जीवन का आधार हैं। इनके संरक्षण एवं संवर्धन से पर्यावरण संतुलन के साथ-साथ जनस्वास्थ्य को भी सुदृढ़ बनाया जा सकता है। ओम प्रकाश आर्य जिला प्रभारी भारत स्वाभिमान समिति बस्ती ने इस अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं दी।
इस अवसर पर सुभाष चन्द्र आर्य जिला प्रभारी पतंजलि योग समिति बस्ती और नवल किशोर चौधरी कोषाध्यक्ष ने पूज्य आचार्य बालकृष्ण जी के आयुर्वेद, योग एवं भारतीय संस्कृति के संरक्षण में दिए गए अमूल्य योगदान का स्मरण करते हुए उनके स्वस्थ, दीर्घायु एवं यशस्वी जीवन की कामना की। किसान प्रभारी अवधेश पाण्डेय ने जड़ी बूटियों के उपयोग से रोगमुक्ति के उपाय बताते हुए विभिन्न रोगों में इसके प्रयोग का तरीका बताया।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने अधिक से अधिक औषधीय पौधे लगाने तथा पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए “जड़ी-बूटी लगाओ, जीवन बचाओ।”का सन्देश दिया। अंत में राजेश श्रीवास्तव कैलाशी ने आचार्य बालकृष्ण जी के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए सबके प्रति आभार व्यक्त किया। अंत में सामूहिक जलपान के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से डॉ शशिकला श्रीवास्तव, रजनी मिश्रा, रत्नेश मिश्र, कलावती शर्मा, सुरेन्द्र शर्मा, यज्ञराम मिश्र, जितेंद्र श्रीवास्तव, जवाहर लाल, दीनानाथ शुक्ल सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।