संसद परिसर में भगवान श्रीराम के चित्र के कथित अपमान के विरोध में भाजपा का प्रदर्शन, सांसद पप्पू यादव का पुतला दहन

संसद परिसर में भगवान श्रीराम के चित्र के कथित अपमान के विरोध में भाजपा का प्रदर्शन, सांसद पप्पू यादव का पुतला दहन

 

अनुराग लक्ष्य न्यूज

 

बस्ती। संसद भवन परिसर में सांसद पप्पू यादव द्वारा भगवान श्रीराम के चित्र के साथ कथित आपत्तिजनक व्यवहार, साधु-संतों के प्रति अभद्र टिप्पणी तथा सनातन धर्म के कथित अपमान के विरोध में भारतीय जनता पार्टी, बस्ती के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को शास्त्री चौक पर जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया। भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानन्द मिश्र के नेतृत्व में कार्यकर्ता लाल बहादुर शास्त्री चौक (झंडा चौराहा) पर एकत्र हुए और सांसद पप्पू यादव का पुतला दहन कर अपना आक्रोश व्यक्त किया।

 

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष विवेकानन्द मिश्र ने कहा कि भगवान श्रीराम करोड़ों देशवासियों की आस्था और भारतीय संस्कृति के प्रतीक हैं। उनके चित्र का अनादर तथा सनातन धर्म और साधु-संतों के प्रति अपमानजनक टिप्पणी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों को संविधान और लोकतांत्रिक मर्यादाओं के अनुरूप आचरण करना चाहिए तथा किसी भी धर्म या आस्था का अपमान करने से बचना चाहिए।

 

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ऐसे किसी भी कृत्य का पुरजोर विरोध करती है, जो समाज में वैमनस्य फैलाने या धार्मिक भावनाओं को आहत करने का प्रयास करे। भाजपा कार्यकर्ताओं ने सांसद पप्पू यादव के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करते हुए उनकी अविलंब गिरफ्तारी की मांग की।

 

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सनातन धर्म के सम्मान और सामाजिक सौहार्द के समर्थन में नारे लगाए तथा स्पष्ट किया कि देश की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का अपमान किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

 

इस मौके पर भाजपा नेता प्रमोद पाण्डेय, जिला महामंत्री अमृत कुमार वर्मा, दिलीप पाण्डेय, सत्येन्द्र सिंह, सुमन सिंह, अंकुर वर्मा, राजेन्द्र राजभर, पप्पू शुक्ल, विनय सिंह भारद्वाज, अमित गुप्ता, पप्पू शुक्ल, प्रदीप चौधरी, पल्लव श्रीवास्तव, दिव्यांशु दुबे, तारक जायसवाल, मनोज सिंह, शिव प्रसाद चौधरी, अरविन्द चौधरी, गौरव अग्रवाल, आकाश कसौधन, सलमान खान, शारद सिंह रावत, प्रफ्फुल श्रीवास्तव एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।