भारत@2047 अभियान के तहत डॉन वास्को स्कूल में Gen-Z से रूबरू हुए इंजीनियर अरविंद पाल
अनुराग लक्ष्य न्यूज
बस्ती। विधानसभा बस्ती सदर स्थित आवास विकास कॉलोनी के डॉन वास्को स्कूल में शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “विकसित भारत@2047” संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित “भारत@2047: Gen-Z की भागीदारी” अभियान के अंतर्गत ‘My Friend Gen-Z Campus Connect’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 310 बस्ती सदर विधानसभा क्षेत्र के भावी प्रत्याशी, अध्यक्ष एवं वरिष्ठ नेता इंजीनियर अरविंद पाल ने मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता करते हुए युवा विद्यार्थियों से सीधा संवाद किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए इंजीनियर अरविंद पाल ने कहा कि देश की युवा शक्ति ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने विद्यार्थियों से उनके सपनों, नवाचार, तकनीकी दक्षता, रोजगार, शिक्षा और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि आज की Gen-Z केवल भारत का भविष्य नहीं, बल्कि वर्तमान की सबसे बड़ी शक्ति है। यदि युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और आधुनिक सोच को सही दिशा तथा सकारात्मक मार्गदर्शन मिले तो विकसित भारत का लक्ष्य समय से पहले भी प्राप्त किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार युवाओं को आत्मनिर्भर, सक्षम और जागरूक नागरिक बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। नई शिक्षा नीति, डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, स्किल डेवलपमेंट और नवाचार जैसे अनेक कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए समाज और देश के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने भी अपने विचार खुलकर रखे और विकसित भारत की परिकल्पना को लेकर उत्साह व्यक्त किया। संवाद के माध्यम से युवाओं को देश के भविष्य के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का बोध कराया गया तथा उन्हें सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या निधि मिश्रा, उप प्रधानाचार्या तकसीम फातिमा, एनके वर्मा, उमा मिश्रा, मोहम्मद हुसैन, आशीष श्रीवास्तव, भानु प्रताप सिंह, देवेन्द्र मिश्रा, मनोनीत सभासद विवेकानंद शुक्ला सहित बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन, शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने विकसित भारत@2047 के संकल्प को साकार करने तथा युवा शक्ति को राष्ट्र निर्माण की दिशा में आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।