मण्डल स्तरीय कराटे प्रतियोगिता के लिए छह खिलाड़ियों का चयन

मण्डल स्तरीय कराटे प्रतियोगिता के लिए छह खिलाड़ियों का चयन

 

अनुराग लक्ष्य न्यूज

 

बस्ती। जनपद स्तरीय माध्यमिक विद्यालयीय कराटे प्रतियोगिता का आयोजन शुक्रवार को महेश प्रताप इंटरमीडिएट कॉलेज, रुधौली में संपन्न हुआ। प्रतियोगिता का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक प्रदीप सिंह एवं मंडलीय क्रीड़ा सचिव अमित कुमार यादव ने दीप प्रज्वलित कर तथा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य राम सुबास वर्मा ने सभी खिलाड़ियों एवं अतिथियों का स्वागत करते हुए प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिता में विभिन्न आयु एवं भार वर्गों में कुल 30 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया।

प्रतियोगिता का उद्घाटन मुकाबला बालिका वर्ग अंडर-14 में प्रिया प्रजापति और अंकिता यादव के बीच खेला गया, जिसमें अंकिता यादव ने जीत दर्ज की। वहीं, अंडर-17 बालिका वर्ग में अनन्या भट्ट और जन्नतुल निशा के बीच हुए मुकाबले में जन्नतुल निशा विजयी रहीं।

प्रतियोगिता के आधार पर बालिका वर्ग में अर्चना यादव, अंकिता यादव और नेहा, जबकि बालक वर्ग में दिव्यांश भट्ट, आकाश यादव और अनुज यादव का चयन विभिन्न आयु एवं भार वर्गों में मंडल स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया। मंडल स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन 1 अगस्त 2026 को सिद्धार्थनगर जनपद में होगा।

प्रतियोगिता का संचालन जनता इंटर कॉलेज पोखरा बाजार के शारीरिक शिक्षक प्रभाकर ओझा, रमेश चंद्र गुप्ता, विवेक कुमार श्रीवास्तव और युद्धवीर सिंह की देखरेख में हुआ। रेफरी की जिम्मेदारी सुहेल अहमद और राकेश कुमार ने निभाई।

समापन अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक प्रदीप सिंह ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन आयोजक विद्यालय के शारीरिक शिक्षक संतोष कुमार पाण्डेय ने किया।

इस अवसर पर संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय से सेवानिवृत्त कनिष्ठ सहायक भोला मिश्रा, शिवशंकर यादव, रिपू सूदन पाण्डेय, परमानंद द्विवेदी, प्रमोद सिंह, शिशिर भट्ट, मोहम्मद कैफ, रामशंकर, माधव बाबू उपाध्याय, प्रमोद कुमार सिंह, रूपा, पुष्पा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।