स्वास्तिक जनरल स्टोर में आगजनी का आरोप, मकान विक्रेता के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग
अनुराग लक्ष्य न्यूज
बस्ती। पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के हड़िया चौराहे पर स्थित स्वास्तिक जनरल स्टोर में आग लगाने का आरोप लगाते हुए हड़िया निवासी विकास जायसवाल ने थाना पुरानी बस्ती में तहरीर देकर ग्राम अमौली निवासी हैदर अली के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस को दिए तहरीर के अनुसार, विकास जायसवाल वर्ष 2018 से मेहदावल रोड स्थित मिशन एकेडमी स्कूल के निकट, हड़िया चौराहे पर किराये के मकान में स्वास्तिक जनरल स्टोर का संचालन कर रहे थे। उनका आरोप है कि उन्होंने 6 मार्च 2026 को उक्त मकान को 35 लाख रुपये में खरीदकर बैनामा कराया था, लेकिन दस्तावेजों में त्रुटि होने के कारण दाखिल-खारिज की प्रक्रिया रुक गई। कई बार अनुरोध के बावजूद विक्रेता हैदर अली ने दस्तावेजों में सुधार नहीं कराया, जिससे दोनों के बीच विवाद और रंजिश बढ़ गई। विकास जायसवाल का कहना है कि इसी रंजिश के चलते 27 जुलाई 2026 की रात करीब 11 से 12 बजे के बीच हड़िया चौराहे पर स्थित स्वास्तिक जनरल स्टोर में आग लगा दी गई, जिससे लगभग 30 लाख रुपये का नुकसान हुआ। उनका कहना है कि घटना के समय उनके पिता प्रेमचन्द ने घटनास्थल के आसपास हैदर अली को देखा था। वहीं, दुकान के समीप रहने वाले गोपी चौहान ने भी कथित रूप से आग लगी हुई देखी तथा हैदर अली को अपनी अर्टिगा कार (यूपी-32 एनएच-3129) से घटनास्थल से तेज गति से अपने घर की ओर जाते हुए देखने का दावा किया है। तहरीर में यह भी कहा गया है कि घटना से लगभग एक सप्ताह पूर्व हैदर अली ने उन्हें बर्बाद करने की धमकी दी थी। विकास जायसवाल ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर निष्पक्ष जांच एवं आवश्यक कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। मामले की जांच फोरेंसिंक टीम द्वारा भी किया गया।