बाल संप्रेषण गृह का निरीक्षण, बच्चों के बेहतर भविष्य पर दिया गया विशेष जोर

बाल संप्रेषण गृह का निरीक्षण, बच्चों के बेहतर भविष्य पर दिया गया विशेष जोर

 

बस्ती। गुरुवार, 30 जुलाई 2026 को माननीय जनपद न्यायाधीश श्री शमसुल हक, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण देवेंद्र कुमार-प्रथम, प्रधान मजिस्ट्रेट किशोर न्याय बोर्ड श्री राज बाबू, क्षेत्राधिकारी बस्ती सदर सत्येन्द्र भूषण तिवारी तथा उप जिलाधिकारी सदर हिमांशु कुमार ने राजकीय बाल संप्रेषण गृह (किशोर), पचपेड़िया मार्ग, बस्ती का संयुक्त निरीक्षण किया।

 

निरीक्षण के दौरान यह जानकारी मिली कि कुछ किशोरों की जमानत लंबित है। इस संबंध में प्रधान मजिस्ट्रेट किशोर न्याय बोर्ड को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। अधीक्षक को भी समिति द्वारा दिए गए निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करते हुए आख्या प्रस्तुत करने के लिए निर्देशित किया गया।

 

अधीक्षक ने बताया कि सरस्वती विद्या मंदिर, रामबाग, बस्ती के कंप्यूटर प्रशिक्षक अंकित गुप्ता प्रत्येक रविवार को किशोरों को निःशुल्क कंप्यूटर शिक्षा प्रदान करते हैं। वर्तमान में संप्रेषण गृह में जनपद बस्ती के 28, संतकबीरनगर के 27, सिद्धार्थनगर के 30 तथा मेरठ के 1 सहित कुल 86 किशोर निरुद्ध हैं। साथ ही बताया गया कि मेरठ से एक बाल अपचारी स्थानांतरित होकर यहां आया है।

 

अधिकारियों ने रसोईघर का भी निरीक्षण किया, जहां पर्याप्त साफ-सफाई पाई गई। रसोइये ने बताया कि दाल-चावल तैयार है तथा रोटियां बनाई जा रही हैं। किशोरों ने भी बताया कि उन्हें समय पर गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाता है।

 

माननीय जनपद न्यायाधीश ने संप्रेषण गृह के पीछे स्थित परिसर का निरीक्षण कर स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने किशोरों को पौष्टिक आहार, नियमित अध्ययन, खेलकूद तथा अच्छे आचरण के माध्यम से उज्ज्वल भविष्य बनाने के लिए प्रेरित किया। निरीक्षण के दौरान संप्रेषण गृह में कोई भी आपत्तिजनक स्थिति नहीं पाई गई।