भटकाव नहीं, सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ें युवा – हरीश द्विवेदी

भटकाव नहीं, सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ें युवा – हरीश द्विवेदी

बस्ती। गजाधर सिंह अंगद सिंह एकेडमी, हर्रैया में बुधवार को आयोजित ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम में पूर्व सांसद एवं असम प्रभारी हरीश द्विवेदी ने युवाओं से अपनी ऊर्जा को सही दिशा में लगाते हुए सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं और यदि वे अपने समय, प्रतिभा और ऊर्जा का सदुपयोग करें तो न केवल अपना भविष्य संवार सकते हैं, बल्कि राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्होंने कहा कि आज के दौर में युवाओं के सामने अनेक आकर्षण और भटकाव हैं। ऐसे में आवश्यक है कि वे नकारात्मक प्रवृत्तियों से दूर रहकर शिक्षा, अनुशासन, संस्कार, आत्मविश्वास और निरंतर परिश्रम को अपने जीवन का आधार बनाएं। उन्होंने कहा कि स्पष्ट लक्ष्य, सकारात्मक सोच और दृढ़ इच्छाशक्ति ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है। युवा अपने सपनों को लक्ष्य में बदलें और उन्हें पूरा करने के लिए पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से प्रयास करें। कार्यक्रम में वरिष्ठ समाजसेवी एवं भाजपा नेता चंद्रमणि पाण्डेय सुदामा भी उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार की ओर से वरिष्ठ अध्यापक पंकज सिंह, दिनेश पाण्डेय, प्रभाकर पाण्डेय सहित अन्य शिक्षकों ने अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत एवं अभिनंदन किया। संवाद के दौरान छात्र-छात्राओं ने विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछे, जिनका श्री द्विवेदी ने सरल एवं प्रेरक शैली में उत्तर दिया। उनके प्रेरणादायी विचारों से विद्यार्थियों में नई ऊर्जा, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच का संचार हुआ। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं, कर्मचारियों एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।