दहेज की मांग ने ली बेटी की जान, इलाज के दौरान मौत से सनसनी

दहेज की मांग ने ली बेटी की जान, इलाज के दौरान मौत से सनसनी

 

मारपीट से टूटी गर्दन, BRD मेडिकल कॉलेज में तोड़ा दम, ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप

 

शव को रात में जला साक्ष्य मिटाने का आरोप, वीडियो होने का दावा, SP से FIR की मांग

 

जितेन्द्र पाठक

 

संतकबीरनगर।जनपद में दहेज उत्पीड़न और कथित हत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतका के पिता ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित करने, गंभीर मारपीट कर हत्या करने और बाद में साक्ष्य मिटाने के लिए शव को जला देने का आरोप लगाया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार विन्देश्वरी प्रसाद पुत्र स्व० राम अवध निवासी ग्राम भूवनडाण, थाना दुधारा की पुत्री अनुराधा की शादी करीब 5 वर्ष पूर्व विकेश कुमार पुत्र शम्भू गुप्ता निवासी ग्राम राजेबोहा उर्फ अकलोहना, थाना बेलहरकला के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति विकेश कुमार, सास, ननद और देवर द्वारा दहेज की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित किया जाता था। विरोध करने पर मारपीट, गाली-गलौज कर कमरे में बंद कर देना और कई-कई दिनों तक खाना-पानी न देना जैसी घटनाएं होती थीं।

परिजनों के अनुसार 22 जुलाई 2026 की शाम करीब 5 बजे ससुराल पक्ष के लोगों ने अनुराधा की बेरहमी से पिटाई की, जिससे उसकी गर्दन की हड्डी टूट गई तथा सिर और सीने में गंभीर चोटें आईं। हालत गंभीर होने पर उसे पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर किया गया।

इलाज के दौरान 28 जुलाई 2026 की सुबह करीब 10 बजे अनुराधा की मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया, लेकिन आरोप है कि ससुराल पक्ष मौके का फायदा उठाकर शव को अपने साथ ले गया।

मृतका के पिता का आरोप है कि 28 जुलाई की रात करीब 8 बजे ससुराल पक्ष के लोग साक्ष्य मिटाने की नीयत से शव को शमशान घाट ले जाकर डीजल डालकर जला रहे थे। इस घटना का वीडियो भी उनके पास होने का दावा किया गया है। सूचना पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक शव पूरी तरह जल चुका था और आरोपी फरार हो गए थे।

पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया है कि उसी रात थाना में लिखित शिकायत देने के बावजूद अब तक मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है।

पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि मामले में दहेज उत्पीड़न, हत्या और साक्ष्य मिटाने जैसी गंभीर धाराओं में तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि उन्हें न्याय मिल सके।

यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और लोगों में आक्रोश व्याप्त है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर प्रकरण में क्या कार्रवाई करता है। समाचार लिखे जाने तक मुकदमा दर्ज नहीं हुआ था।