लिफ्ट मांगने वाले ने काटी जेब, व्यापारी से 46,500 रुपये लेकर फरार

लखनऊ,  राजधानी के जानकीपुरम क्षेत्र में लिफ्ट मांगकर बाइक पर बैठे एक युवक ने किराना व्यापारी की जेब काटकर 46,500 रुपये उड़ा दिए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार सोमवार दोपहर करीब 1:10 बजे सूचना मिली कि 60 फीटा रोड के पास एक व्यक्ति की जेब काटकर रुपये चोरी कर लिए गए हैं। सूचना पर थाना जानकीपुरम पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू की।प्रारंभिक जांच में पता चला कि सेक्टर-3, जानकीपुरम निवासी अजयकांत कटियार की 60 फीटा रोड पर किराने की दुकान है। वह अपनी बाइक से निजी कार्य से इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहे की ओर जा रहे थे। रास्ते में एक अज्ञात युवक ने उनसे लिफ्ट मांगी, जिसे उन्होंने बाइक पर बैठा लिया।कुछ दूरी तय करने के बाद अजयकांत कटियार को अपनी जेब कटी होने का एहसास हुआ। इसी दौरान लिफ्ट लेकर बैठा युवक मौके से फरार हो गया। पीड़ित ने जेब की जांच की तो उसमें रखे रुपये गायब मिले और जेब भी कटी हुई थी।पीड़ित के मुताबिक जेब में कुल 60,000 रुपये थे, जिनमें से 13,500 रुपये रास्ते में गिर जाने के कारण वापस मिल गए, जबकि शेष 46,500 रुपये अज्ञात आरोपी लेकर फरार हो गया।पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार करने के लिए टीमें लगाई गई हैं और मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
———————-