सरस्वती विद्या मंदिर रामबाग में संकुल स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारम्भ

सरस्वती विद्या मंदिर रामबाग में संकुल स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारम्भ

 

_कबड्डी, शतरंज एवं बैडमिंटन प्रतियोगिताओं का हुआ भव्य उद्घाटन_

 

अनुराग लक्ष्य न्यूज

बस्ती। सरस्वती विद्या मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, रामबाग-बस्ती में आज विद्या भारती गोरक्ष प्रान्त के बस्ती संकुल स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारम्भ उत्साह एवं खेल भावना के साथ सम्पन्न हुआ। प्रतियोगिता के अंतर्गत कबड्डी, शतरंज एवं बैडमिंटन प्रतियोगिताओं का शुभारम्भ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, गोरक्ष प्रान्त के प्रान्त शारीरिक प्रमुख श्री तुलसीराम जी के कर-कमलों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।

कार्यक्रम के प्रारम्भ में विद्यालय के आचार्य श्री अम्बिकेश्वर दत्त ओझा जी ने मुख्य अतिथि का कैप पहनाकर आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया।

अपने प्रेरक उद्बोधन में मुख्य अतिथि श्री तुलसीराम जी ने कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता या जीत-हार का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण की प्रभावी प्रक्रिया है। खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, साहस, नेतृत्व क्षमता, धैर्य, सहयोग की भावना एवं टीम वर्क का विकास करते हैं। उन्होंने कहा कि नियमित खेलकूद से शारीरिक सुदृढ़ता के साथ मानसिक एकाग्रता भी बढ़ती है, जिससे विद्यार्थी जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में सफलता प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने सभी खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने तथा अनुशासन का पालन करते हुए प्रतियोगिताओं में सहभागिता निभाने का आह्वान किया।

बस्ती संकुल प्रमुख एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री गोविन्द सिंह जी ने अपने संबोधन में कहा कि विद्या भारती की शिक्षा पद्धति में शिक्षा, संस्कार, स्वास्थ्य एवं खेल—चारों का समान महत्व है। खेलकूद प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने तथा उनमें आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सामूहिक कार्यशैली का विकास करने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य केवल विजेता चुनना नहीं, बल्कि प्रत्येक खिलाड़ी में छिपी प्रतिभा को मंच प्रदान करना है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को अपनी क्षमता का श्रेष्ठ प्रदर्शन करने एवं खेल भावना बनाए रखने की शुभकामनाएँ दीं।

इस अवसर पर श्री अम्बिकेश्वर दत्त ओझा जी, श्री आशुतोष मिश्र जी, श्रीमती नेहा पाण्डेय जी सहित विभिन्न विद्यालयों के आचार्य बंधु-भगिनी उपस्थित रहे। प्रतियोगिता में विद्या भारती के बस्ती, संतकबीरनगर एवं सिद्धार्थनगर जनपदों के विभिन्न विद्यालयों से आए खिलाड़ी एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।