अयोध्या। जय सियाराम ग्रुप ऑफ एंड वेलफेयर सोसायटी के तत्वावधान में रविवार को होटल श्री पार्क में “हम हैं सुपर स्टार (टैलेंट हंट)” एवं JSR अवध प्रीमियर लीग का आधिकारिक शुभारंभ एवं प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। कार्यक्रम में आयोजकों ने दोनों आयोजनों की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि इसका उद्देश्य अयोध्या और पूर्वांचल के प्रतिभाशाली युवाओं को अपनी कला और खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए एक सशक्त मंच उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संजय तिवारी रहे, जबकि विजय प्रताप सिंह और नुब्बार तिवारी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जय सियाराम ग्रुप ऑफ एंड वेलफेयर सोसायटी की अध्यक्षा सीमा मिश्रा, मैनेजर डॉ. शशिकांत मिश्रा, डायरेक्टर दीपक तिवारी, CEO राम आशीष यादव तथा अयोध्या क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव रजनीकांत उपाध्याय ने संयुक्त रूप से आयोजन की जानकारी दी।
आयोजकों ने बताया कि “हम हैं सुपर स्टार” के माध्यम से गायन, नृत्य, अभिनय सहित विभिन्न कलाओं से जुड़े प्रतिभागियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा, जबकि JSR अवध प्रीमियर लीग क्षेत्र के युवा क्रिकेट खिलाड़ियों के लिए अपनी क्षमता साबित करने का मंच बनेगी। इन आयोजनों में अयोध्या सहित पूर्वांचल के लगभग आठ जिलों के प्रतिभागी हिस्सा लेंगे, जिससे उन्हें आगे बढ़ने और अपने सपनों को साकार करने का अवसर मिलेगा।
प्रेस वार्ता के दौरान आयोजकों ने कहा कि संस्था भविष्य में भी युवाओं के कौशल विकास, खेल और सांस्कृतिक प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए ऐसे आयोजन लगातार करती रहेगी।
इस अवसर पर हर्ष प्रताप, डॉ. आदर्श श्रीवास्तव, दीपक तिवारी, अनिल, अखण्ड, राहुल, प्रवीण सहित अनेक सहयोगी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।