खलीलाबाद साइबर सेल की बड़ी सफलता: 5 पीड़ितों को 3.09 लाख से अधिक रकम वापस

खलीलाबाद साइबर सेल की बड़ी सफलता: 5 पीड़ितों को 3.09 लाख से अधिक रकम वापस

 

सोलर, लोन और पार्सल ठगी के मामलों में त्वरित कार्रवाई, पुलिस की सक्रियता से मिली राहत

 

संदीप कुमार मीना के निर्देशन में ‘क्रैक साइबर क्राइम’ अभियान असरदार, पीड़ितों में बढ़ा भरोसा

 

जितेंद्र पाठक

 

संतकबीरनगर। साइबर अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कोतवाली खलीलाबाद की साइबर सेल ने सराहनीय कार्य करते हुए 5 पीड़ितों को कुल ₹3,09,571.18 की धनराशि वापस कराई है। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन में संचालित “क्रैक साइबर क्राइम” अभियान के अंतर्गत यह कार्रवाई की गई, जिससे पीड़ितों को बड़ी राहत मिली और पुलिस के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ।

साइबर सेल की सक्रियता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि अलग-अलग प्रकार की ठगी के मामलों में त्वरित कार्रवाई कर पीड़ितों की रकम वापस कराई गई। सोलर सिस्टम लगाने के नाम पर ठगी का शिकार हुए सुनील उपाध्याय को ₹1,34,000 की पूरी धनराशि वापस मिली। वहीं स्वास्थ्य विभाग की मशीन दिलाने के नाम पर ठगी के शिकार प्रदीप यादव को ₹70,000 लौटाए गए।

इसी क्रम में गुम मोबाइल के दुरुपयोग से खाते से ट्रांसफर हुई रकम में से ओमप्रकाश को ₹48,071.18 वापस कराए गए। पार्सल भेजने के नाम पर हुई ₹1,500 की ठगी में मुन्ना चौहान को पूरी राशि मिली, जबकि लोन समाप्त कराने के झांसे में फंसे राहुल राय को ₹56,000 की धनराशि वापस कराई गई।

इस पूरी कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश दूबे, साइबर सेल प्रभारी वीरेन्द्र कुमार यादव, आरक्षी रविकांत कुशवाहा, महिला आरक्षी शिवांगी सिंह सहित टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

जनसामान्य से अपील

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, लिंक, OTP या QR कोड के झांसे में न आएं। साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई कर धनराशि सुरक्षित कराई जा सके।