कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं एवं सांसदों पर की गई पुलिस कार्रवाई के विरोध में किया गया प्रदर्शन
बस्ती। जिला कांग्रेस कमेटी,बहराइच द्वारा आज केंद्र सरकार के विरोध में एकदिवसीय विरोध-प्रदर्शन आयोजित कर केंद्र सरकार का पुतला दहन किया गया। यह विरोध प्रदर्शन 21 जुलाई, 2026 को नई दिल्ली में छात्रों से जुड़े कथित पेपर लीक एवं परीक्षा अनियमितताओं के मुद्दे पर संसद मार्च के दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष श्री राहुल गांधी, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री मल्लिकार्जुन खड़गे, सांसद श्रीमती प्रियंका गांधी सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं एवं सांसदों पर की गई पुलिस कार्रवाई के विरोध में आयोजित किया गया।
उक्त अवसर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष शिवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि ने कहा कि देश का युवा लगातार पेपर लीक,भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं तथा शिक्षा व्यवस्था में व्याप्त अव्यवस्था से त्रस्त है। ऐसे गंभीर जनहित के मुद्दे को संसद तक पहुँचाने के लिए विपक्षी नेताओं द्वारा शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक ढंग से किए जा रहे मार्च को बलपूर्वक रोकना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।
जिला कांग्रेस महासचिव हमज़ा शफ़ीक़ ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार छात्रों के भविष्य से जुड़े मूल प्रश्नों का समाधान करने के बजाय उनकी आवाज़ उठाने वाले विपक्षी नेताओं पर पुलिस एवं केंद्रीय एजेंसियों के माध्यम से दमनात्मक कार्रवाई कर रही है। लोकतंत्र में शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन करना प्रत्येक नागरिक एवं जनप्रतिनिधि का संवैधानिक अधिकार है, जिसका सम्मान किया जाना चाहिए।
विरोध-प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के विरुद्ध जोरदार नारेबाजी करते हुए उसका पुतला दहन किया तथा मांग की कि छात्रों के भविष्य से जुड़े पेपर लीक एवं परीक्षा घोटालों की निष्पक्ष, समयबद्ध एवं उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही विपक्ष की लोकतांत्रिक आवाज़ को दबाने के प्रयास तत्काल बंद किए जाएँ।
जिला कांग्रेस कमेटी, बहराइच ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी छात्रों, युवाओं एवं आम जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए सदैव लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से संघर्ष करती रही है और आगे भी निरंतर करती रहेगी।
उक्त अवसर चौधरी अब्दुल मोईद खान,मोहम्मद शाहनवाज़,तेजवापुर ब्लॉक अध्यक्ष रामगोपाल मिश्रा,गीता सिंह, जीतेंगे प्रताप सिंह जीतू ,स्वदेश सिंह,शाहिद जमील खान,हीरालाल राव, इंदु गौतम,बशीर अंसारी, गोवर्धरन लाल अवस्थी,शेख ज़करिया,विद्यांश शुक्ला, वासी अहमद मेहदी,फरीद हुसैन,इंद्र कुमार यादव, हसन इतियाक, खालिद सलमानी, अल्ताफ अंसारी,नदीम अहमद, भावेश पाठक, शरीफ बाबू सहित अन्य कांग्रेस नेता उपस्थित रहे।