विशेष यातायात प्रवर्तन अभियान के अंतर्गत व्यापक चेकिंग एवं सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

विशेष यातायात प्रवर्तन अभियान के अंतर्गत व्यापक चेकिंग एवं सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

 

अम्बेडकर नगर।पुलिस उपमहानिरीक्षक, यातायात एवं सड़क सुरक्षा, उत्तर प्रदेश के निर्देशों तथा पुलिस अधीक्षक अम्बेडकरनगर सुश्री प्राची सिंह के आदेश के क्रम में जनपद में दिनांक *11.07.2026 एवं 12.07.2026* को विशेष यातायात प्रवर्तन अभियान संचालित किया गया। अभियान के दौरान जनपद के समस्त थाना क्षेत्रों में यातायात पुलिस एवं स्थानीय पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से सघन वाहन चेकिंग की गई।

 

अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना तथा आमजन से यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराना रहा। इस दौरान वाहन चालकों से अपील की गई कि वे नशे की अवस्था में वाहन न चलाएं, मानक नम्बर प्लेट एवं *HSRP* का प्रयोग करें तथा अनधिकृत मॉडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न एवं हूटर का उपयोग न करें। यातायात नियमों का पालन कर स्वयं सुरक्षित रहें तथा दूसरों की सुरक्षा में भी सहयोग करें।

 

विशेष अभियान के दौरान क्षेत्राधिकारी यातायात एवं प्रभारी यातायात की संयुक्त टीम द्वारा की गई प्रवर्तन कार्रवाई में—

 

* नशे की अवस्था में वाहन चलाने पर *05* चालान,

* मानक नम्बर प्लेट एवं HSRP उल्लंघन पर *12* चालान,

* अनधिकृत मॉडिफाइड साइलेंसर पर *07* चालान,

* ध्वनि प्रदूषण (प्रेशर हॉर्न) पर *08* चालान तथा

* हूटर के अनधिकृत प्रयोग पर *05* चालान किए गए।

 

इसके अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महोदया के निर्देशानुसार यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने एवं सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से क्षेत्राधिकारी यातायात, प्रभारी यातायात, परिवहन विभाग, लोक निर्माण विभाग (PWD), *आईआईटी मद्रास* के अभियंताओं तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के स्वास्थ्य कर्मियों की संयुक्त टीम द्वारा सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान भी संचालित किया गया।

 

जिला सड़क सुरक्षा समिति के सुझावों एवं सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय (MoRTH) के तकनीकी सलाहकार *सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर रोड सेफ्टी, आईआईटी मद्रास* के सहयोग से जनपद में *”नारी शक्ति द्वारा सुरक्षित अम्बेडकरनगर”* थीम पर *शून्य दुर्घटना दिवस अभियान (07.07.2026 से 21.07.2026)* के अंतर्गत रोडवेज, तहसील तिराहा, पटेल तिराहा एवं शहजादपुर में वाहन चालकों एवं राहगीरों को पम्पलेट वितरित कर सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया तथा उन्हें अपने गांव एवं आसपास के लोगों को भी सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करने हेतु प्रेरित किया गया।

 

*माह जुलाई (01.07.2026 से अब तक) की प्रवर्तन कार्रवाई:*

 

* कुल *2309 वाहनों* का चालान किया गया।

* *36 वाहनों* से *₹28,500* शमन शुल्क जमा कराया गया।

* नशे की अवस्था में वाहन चलाने के विरुद्ध *2780 वाहन चालकों* की ब्रेथ एनालाइज़र से जांच की गई, जिनमें *08 चालकों* का चालान करते हुए *₹80,000* का जुर्माना आरोपित किया गया।

 

अम्बेडकरनगर पुलिस आमजन से पुनः अपील करती है कि यातायात नियमों का पालन करें, सुरक्षित वाहन चलाएं तथा सड़क सुरक्षा को जन-जन का अभियान बनाने में पुलिस का सहयोग करें।