महमाया राजकीय मेडिकल कॉलेज में वृहद वृक्षारोपण महायज्ञ का आयोजन, “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान को मिला जनसमर्थन

महमाया राजकीय मेडिकल कॉलेज में वृहद वृक्षारोपण महायज्ञ का आयोजन, “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान को मिला जनसमर्थन

 

अंबेडकरनगर। शासन की मंशानुसार संचालित वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के अंतर्गत “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान को सफल बनाने के उद्देश्य से महमाया राजकीय मेडिकल कॉलेज, अंबेडकरनगर में आज रविवार को वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

 

कार्यक्रम का नेतृत्व मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. मुकेश यादव ने किया।

इस अवसर पर मेडिकल कॉलेज के समस्त संकाय सदस्यों, चिकित्सकों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साह एवं उल्लास के साथ पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। सभी प्रतिभागियों ने अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने में सक्रिय सहभागिता निभाई।

 

कार्यक्रम के निरीक्षण हेतु चिकित्सा महानिदेशालय से नियुक्त अधिकारी डॉ. दीपेश कुमार भी उपस्थित रहे। उन्होंने वृक्षारोपण कार्यक्रम का निरीक्षण करते हुए इसकी सराहना की तथा कहा कि प्रधानाचार्य डॉ. मुकेश यादव के कुशल नेतृत्व में मेडिकल कॉलेज परिवार ने बढ़-चढ़कर भाग लिया, जिससे यह अभियान अत्यंत सफल रहा।

 

प्रधानाचार्य डॉ. मुकेश यादव ने मेडिकल कॉलेज परिसर में निवास कर रहे सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों की सहभागिता की प्रशंसा करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि ऐसे जनहित एवं प्रकृति संरक्षण से जुड़े अभियानों में निरंतर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें, जिससे आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं हरित वातावरण उपलब्ध हो सके।