प्रो बॉक्सिंग लीग का भव्य समापन, विजेताओं पर पुरस्कारों की बारिश; खिलाड़ियों को मिली बाइक और स्कूटी
नई दिल्ली । इंडियन एमेच्योर बॉक्सिंग फेडरेशन (आईएबीएफ) की ओर से आयोजित पांच दिवसीय प्रो बॉक्सिंग लीग (पीबीएल) का भव्य ग्रैंड फिनाले शुक्रवार देर रात तालकटोरा इंडोर स्टेडियम में उत्साहपूर्ण माहौल के बीच संपन्न हुआ। देशभर के शीर्ष मुक्केबाजों की मौजूदगी में आयोजित इस प्रतियोगिता में रोमांचक मुकाबलों ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। समापन समारोह में खिलाड़ियों को पदक, ट्रॉफी और विशेष पुरस्कार प्रदान किए गए, जबकि स्वर्ण पदक विजेताओं को मोटरसाइकिल और स्कूटी देकर सम्मानित किया गया।समापन समारोह का शुभारंभ भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं राज्यसभा सांसद अरुण सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि प्रो बॉक्सिंग लीग जैसे आयोजन भारतीय मुक्केबाजों को राष्ट्रीय ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा साबित करने का अवसर प्रदान करेंगे। उन्होंने कहा कि खेलों को बढ़ावा देने के लिए इस प्रकार की प्रतियोगिताएं बेहद महत्वपूर्ण हैं।आईएबीएफ के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राकेश मिश्र ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि प्रो बॉक्सिंग लीग भारतीय मुक्केबाजी के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। दीप प्रज्वलन समारोह में असम सरकार के मंत्री अशोक सिंघल, अंतरराष्ट्रीय रामलीला के चेयरमैन वेदप्रकाश टंडन, पूर्व महापौर जयप्रकाश, नैमिषारण्य तीर्थ के पं. वेदव्यास तथा आंध्र प्रदेश बॉक्सिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष निशांत वर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।फाइनल मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार तकनीक, दमदार पंच और बेहतरीन फिटनेस का प्रदर्शन किया। प्रत्येक मुकाबला कांटे की टक्कर का रहा और दर्शकों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए पूरे स्टेडियम को तालियों से गुंजायमान कर दिया। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग भी समारोह में पहुंचे और खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।तालकटोरा इंडोर स्टेडियम दर्शकों से खचाखच भरा रहा। स्कूल-कॉलेजों के छात्र, खेल प्रेमी और बड़ी संख्या में परिवार प्रतियोगिता देखने पहुंचे। विजेताओं की घोषणा होते ही स्टेडियम तालियों और उत्साह से गूंज उठा।समापन समारोह के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने विजेताओं को मेडल, ट्रॉफी और विशेष पुरस्कार प्रदान किए। उन्होंने कहा कि सरकार खेल और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग के सभी स्वर्ण पदक विजेताओं को होंडा मोटरसाइकिल तथा महिला वर्ग की स्वर्ण पदक विजेताओं को स्कूटी भेंट की गई।इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री सैयद शाहनवाज़ हुसैन, पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल, सांसद भाऊसाहेब वाकचौरे, वरिष्ठ आयकर अधिकारी कुमार ऋषिकेश सहित अनेक विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे। सभी अतिथियों को अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। साथ ही आईएबीएफ के पदाधिकारियों, अर्जुन पुरस्कार विजेता खिलाड़ियों और तकनीकी अधिकारियों का भी सम्मान किया गया।प्रतियोगिता के विभिन्न भार वर्गों में पुरुष बैंटमवेट (53.525 किग्रा) में देवेंद्र सिंह सोइनकी, लाइटवेट (61.235 किग्रा) में युवराज, मिडिलवेट (72.574 किग्रा) में अंकित कुमार, लाइट हेवीवेट (79.378 किग्रा) में रॉबिन सॉगवान तथा क्रूज़रवेट (90.718 किग्रा) में साहिल ने स्वर्ण पदक जीते। महिला वर्ग में सुपर वेल्टरवेट (69.85 किग्रा) में कोमल प्रीत कौर, लाइटवेट (61.235 किग्रा) में शिवानी तथा बैंटमवेट (53.525 किग्रा) में आरज़ू स्वर्ण पदक विजेता रहीं। सभी वर्गों के उपविजेताओं को रजत पदक तथा सेमीफाइनल तक पहुंचने वाले खिलाड़ियों को कांस्य पदक से सम्मानित किया गया।कार्यक्रम के अंत में डॉ. राकेश मिश्र ने सभी खिलाड़ियों, अतिथियों, तकनीकी अधिकारियों और दर्शकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रो बॉक्सिंग लीग भारतीय मुक्केबाजी के लिए मील का पत्थर साबित होगी और देश के युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का सशक्त मंच उपलब्ध कराएगी। राष्ट्रगान के साथ प्रतियोगिता का औपचारिक समापन हुआ।