उत्तर प्रदेश पशुपालन विभाग मिनिस्ट्रियल एम्प्लाइज एसोसिएशन का द्विवार्षिक अधिवेशन संपन्न, विद्या प्रकाश त्रिवेदी अध्यक्ष और अखंड प्रताप सिंह महामंत्री निर्वाचित
लखनऊ। उत्तर प्रदेश पशुपालन विभाग मिनिस्ट्रियल एम्प्लाइज एसोसिएशन का द्विवार्षिक अधिवेशन एवं निर्वाचन निदेशालय परिसर स्थित सभागार में शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। अधिवेशन में प्रदेश के विभिन्न जनपदों, मंडलों और संस्थाओं से आए मिनिस्ट्रियल संवर्ग के कर्मचारियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। चुनाव को लेकर कर्मचारियों में खासा उत्साह देखने को मिला और पूरे निर्वाचन की प्रक्रिया सौहार्दपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुई।देर रात घोषित निर्वाचन परिणामों में विद्या प्रकाश त्रिवेदी प्रांतीय अध्यक्ष तथा अखंड प्रताप सिंह प्रांतीय महामंत्री निर्वाचित घोषित किए गए। आरुष यादव को प्रांतीय कोषाध्यक्ष चुना गया, जबकि धर्मेंद्र कुमार सिंह, राहुल कुमार, रमेश चंद्र और सौरभ तिवारी वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर निर्वाचित हुए।परिणामों की घोषणा होते ही नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का कर्मचारियों ने पुष्पमालाओं से स्वागत किया और उन्हें शुभकामनाएं दीं। इस दौरान पूरे सभागार में संगठन की एकता और कर्मचारी हितों के समर्थन में उत्साह का माहौल रहा। विभिन्न जिलों से आए कर्मचारियों ने नवनिर्वाचित टीम से संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी पहल की अपेक्षा जताई।नवनिर्वाचित प्रांतीय अध्यक्ष विद्या प्रकाश त्रिवेदी ने कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन उनके विश्वास पर पूरी तरह खरा उतरेगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कर्मचारियों की समस्याओं के समयबद्ध समाधान, नियमित पदोन्नति, सेवा संबंधी विसंगतियों के निराकरण तथा संगठन की गरिमा और एकता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि कर्मचारी हितों की रक्षा के लिए संगठन पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगा।प्रांतीय महामंत्री अखंड प्रताप सिंह ने कहा कि कर्मचारियों की प्रत्येक समस्या को निदेशालय से लेकर शासन स्तर तक मजबूती से उठाया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि संगठन पूरी पारदर्शिता, ईमानदारी और सक्रियता के साथ कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए कार्य करेगा तथा सभी कर्मचारियों को साथ लेकर संगठन को नई दिशा देने का प्रयास किया जाएगा।वरिष्ठ उपाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार सिंह ने निर्वाचन प्रक्रिया को सफल बनाने के लिए सभी कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन नई ऊर्जा, सकारात्मक सोच और समन्वय के साथ आगे बढ़ेगा तथा कर्मचारियों के सम्मान, अधिकारों और सेवा हितों की रक्षा के लिए सदैव संघर्षरत रहेगा।अधिवेशन का समापन संगठन की एकजुटता, पारदर्शी कार्यशैली और कर्मचारी हितों के प्रति पूर्ण समर्पण के संकल्प के साथ हुआ। इस अवसर पर प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए कर्मचारियों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का विश्वास व्यक्त किया।