महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या। पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडेय ‘पवन’ और उनके परिवार की सुरक्षा बढ़ाए जाने की मांग को लेकर अनुसूचित जाति के लोगों ने पार्षद प्रतिनिधि अरौनी पासवान के नेतृत्व में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) को एक प्रार्थना पत्र सौंपा है। प्रार्थना पत्र में यह उल्लेख किया गया है कि पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडेय हमेशा समाज में होने वाले अन्याय के खिलाफ खड़े रहते हैं और न्याय दिलाने का प्रयास करते हैं। दलित समाज के लोगों ने कहा कि पूर्व मंत्री ने सदैव उनके दुख और मुसीबत में न केवल उनका साथ दिया है, बल्कि हर संभव मदद भी की है। प्रतिनिधिमंडल ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि जब से पूर्व मंत्री ने प्रभु श्रीराम मंदिर के चढ़ावे में चोरी का प्रकरण उठाया है, तब से उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। पार्षद प्रतिनिधि अरौनी पासवान व अन्य लोगों ने मांग की कि पूर्व मंत्री की सुरक्षा को तत्काल प्रभाव से बढ़ाया जाए, ताकि उनकी और उनके परिवार की जान-माल की रक्षा सुनिश्चित हो सके। इस अवसर पर प्रवक्ता राकेश यादव एडवोकेट ने बताया कि पूर्व मंत्री को मिल रही धमकियां चिंता का विषय हैं। इस दौरान अरौनी पासवान, राकेश यादव, सुनील रावत, संजय चौधरी, पंकज कोरी, सत्य श्याम कोरी, रामू पासवान, वीरेंद्र गौतम, बत्रा देव पासवान, राकी, ब्रजलाल पासी, प्रमोद पासवान, के.पी. चौधरी, सुभाष पासी, जे.पी. रावत, अमन रावत व कमलेश सोलंकी सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।