महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या। समाजवादी पार्टी के पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडे ‘पवन’ ने शनिवार को कोतवाली नगर पुलिस को एक महत्वपूर्ण तहरीर दी है। इस तहरीर के माध्यम से उन्होंने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के खिलाफ सोशल मीडिया पर फैलाए जा रहे भ्रामक प्रचार, आधारहीन टिप्पणियों और खुद को जान से मारने की धमकी मिलने के मामले में एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। अखिलेश यादव को बदनाम करने की साजिश का आरोप तहरीर में आरोप लगाया गया है कि राम मंदिर परिसर में चढ़ावा चोरी के प्रकरण को लेकर भारतीय जनता पार्टी और संघ से जुड़े कुछ लोग हताशा में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की छवि धूमिल करने की कोशिश कर रहे हैं। शिकायत में कहा गया है कि कुछ अज्ञात व्यक्तियों व प्रमुख हस्तियों द्वारा फेसबुक, व्हाट्सएप, एक्स (पूर्व में ट्विटर) और इंस्टाग्राम पर मनगढ़ंत वीडियो और पोस्ट डाले जा रहे हैं। आरोप है कि यह दुष्प्रचार किया जा रहा है कि मंदिर घोटाले के आरोपी ‘टिन्नू यादव’ ने अखिलेश यादव से बीते ढाई वर्षों में 980 बार बात की है, जिसे समाजवादी पार्टी ने पूर्णतः गलत, आधारहीन और कपोल-कल्पित करार दिया है। तहरीर में मुख्य रूप से सांसद निशिकांत दुबे और जगतगुरु परमहंस आचार्य पर इस भ्रामक तथ्य को हवा देने और सपा अध्यक्ष की मान-प्रतिष्ठा को नुकसान पहुँचाने का आरोप लगाया गया है।
पूर्व मंत्री को मिली जान से मारने की धमकी पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडे ‘पवन’ ने अपनी दूसरी तहरीर में सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए बताया कि राम मंदिर चंदा चोरी का मामला उठाने के कारण उन्हें 6 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 4 बजे एक अज्ञात नंबर (966500275426) से व्हाट्सएप कॉल आई। कॉलर ने उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी। धमकी देते हुए कहा गया कि उनके बच्चे लखनऊ में कहाँ पढ़ते हैं, इसकी जानकारी है और उन्हें गायब कर दिया जाएगा।
कानूनी कार्रवाई की मांग
सपा नेताओं ने कोतवाली प्रभारी से मांग की है कि सोशल मीडिया पर फेक आईडी बनाकर जालसाजी और कूट रचना करने वाले आपराधिक तत्वों को तत्काल चिन्हित कर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाए और उन्हें गिरफ्तार किया जाए। इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष श्याम कृष्ण श्रीवास्तव, महासचिव हामिद जाफर मीसम, प्रवक्ता राकेश यादव एडवोकेट सहित राम अचल यादव, संजय सिंह, चौधरी श्री चंद यादव, एडवोकेट शावेज जाफरी, अपर्णा जायसवाल, वीरेंद्र गौतम, रियाज अहमद, रोहित यादव भल्लू और कमलेश सोलंकी सहित बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।