दिल्ली से अयोध्या आए श्रद्धालु ने बंदरों की सेवा में बढ़ाया हाथ, कहा— ‘सेवा भाव ने किया प्रेरित’

 

‘एक कुल्हड़ चाय सेवा संस्था’ के अभियान से प्रभावित होकर श्रद्धालु ने भी किया चना वितरण, स्थानीय लोगों ने भी निभाई सहभागिता

अयोध्या। रामनगरी अयोध्या में सेवा कार्यों के लिए चर्चित एक कुल्हड़ चाय सेवा संस्था द्वारा मंगलवार को बंदरों को चना खिलाने का विशेष अभियान चलाया गया। संस्था के सदस्यों ने शहर के विभिन्न स्थानों पर जाकर बंदरों को ढूंढ़-ढूंढ़कर चना खिलाया और जीव सेवा का संदेश दिया।

इस दौरान दिल्ली से अयोध्या दर्शन के लिए आए पुलकित गुप्ता भी संस्था के सेवा कार्य से प्रभावित होकर अभियान में शामिल हो गए। उन्होंने कहा कि संस्था द्वारा लगातार निस्वार्थ भाव से किए जा रहे सेवा कार्यों को देखकर उनका भी मन सेवा करने का हुआ। इसी भावना से उन्होंने बंदरों को चना खिलाने के अभियान में सहभागिता की। उन्होंने कहा कि अयोध्या में इस तरह का सेवा भाव लोगों के लिए प्रेरणादायक है।

संस्था के अध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि उनकी संस्था ऐसे जीवों और जरूरतमंदों की सेवा करती है जिनके बारे में अक्सर लोग नहीं सोचते। संस्था समय-समय पर शरबत वितरण, पूरी-सब्जी वितरण सहित अन्य सेवा कार्य भी श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के लिए करती रहती है।

इस सेवा अभियान में विजय गुप्ता और उमेश तिवारी सहित संस्था के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे। संस्था ने भविष्य में भी इसी प्रकार के सेवा कार्य निरंतर जारी रखने का संकल्प दोहराया।