पत्रकारों के लिए आयुष्मान कार्ड बनवाना हुआ आसान, नये पोर्टल की हुई शुरूआत
बहराइच 03 जुलाई। उत्तर प्रदेश सूचना एवं जनसंपर्क विभाग ने पत्रकारों के हित में महत्वपूर्ण पहल करते हुए आयुष्मान कार्ड बनवाने की प्रक्रिया को और सरल बनाने की दिशा में कदम उठाए हैं। सूचना निदेशक विशाल सिंह ने बताया कि जिन पत्रकारों ने आयुष्मान कार्ड के लिए आवेदन किया था, लेकिन किसी कारणवश उनका कार्ड नहीं बन सका है, वे अब वो beneficiary.nha.gov.in पोर्टल पर जाकर अपने आवेदन की स्थिति देख सकते हैं। उन्होंने बताया कि यदि पोर्टल पर लाभार्थी का नाम प्रदर्शित होता है और किसी प्रकार के संशोधन की आवश्यकता है, तो संबंधित जनपद के मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) कार्यालय में संपर्क कर आवश्यक संशोधन कराया जा सकता है।
सूचना निदेशक ने आगे बताया कि जिन पत्रकारों ने अभी तक आयुष्मान कार्ड के लिए आवेदन नहीं किया है अथवा आवेदन के बावजूद उनका कार्ड नहीं बन पाया है, उनकी सुविधा के लिए शीघ्र ही एक नया ऑनलाइन पोर्टल शुरू किया जाएगा। इस पोर्टल के माध्यम से पत्रकार अपने जनपद के जिला सूचना अधिकारी के जरिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि जैसे ही यह पोर्टल शुरू होगा, इसकी सूचना सभी पत्रकार बंधुओं को तत्काल उपलब्ध करा दी जाएगी, ताकि अधिक से अधिक पत्रकार इस सुविधा का लाभ उठा सकें। इस पहल का उद्देश्य पत्रकारों को आयुष्मान भारत योजना का लाभ समयबद्ध और सुगमता से उपलब्ध कराना है।
:ःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःः