अयोध्या के वरिष्ठ पत्रकार डॉ. धर्मपाल सिंह को मुंबई में मिला प्रतिष्ठित दादा साहब फाल्के पुरस्कार

 

महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या/मुंबई। अयोध्या जनपद के सोहावल तहसील अंतर्गत ग्राम सभा रहीमपुर बदौली के निवासी वरिष्ठ पत्रकार डॉ. धर्मपाल सिंह को मुंबई में प्रतिष्ठित ‘दादा साहब फाल्के पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया है। यह गौरवपूर्ण उपलब्धि न केवल उनके व्यक्तिगत करियर के लिए, बल्कि समूचे अयोध्या जनपद के लिए सम्मान का विषय है।
सहारा स्टार होटल में भव्य आयोजन मुंबई के सहारा स्टार होटल में 28 जून को आयोजित एक भव्य पुरस्कार समारोह में डॉ. धर्मपाल सिंह को यह सम्मान प्रदान किया गया। पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में ‘द केरला स्टोरी 2’ की अभिनेत्री उल्का गुप्ता उपस्थित थीं। उनके हाथों पुरस्कार प्राप्त करते ही सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। अयोध्या की संस्कृति का दिखा सम्मान पुरस्कार ग्रहण करने से पूर्व, डॉ. धर्मपाल सिंह ने अभिनेत्री उल्का गुप्ता को अयोध्या से विशेष रूप से ले जाकर ‘रामनामी’ ओढ़ाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने अभिनेत्री को अयोध्या आगमन और वहां फिल्म निर्माण के लिए आमंत्रित भी किया। अभिनेत्री उल्का गुप्ता ने अयोध्या आने और फिल्म की शूटिंग के लिए सकारात्मक भरोसा दिलाया है।
अवध को समर्पित किया पुरस्कार
सम्मान प्राप्त करने के बाद आयोजित पत्रकार वार्ता में डॉ. धर्मपाल सिंह ने कहा कि, “यह पुरस्कार मेरा नहीं, बल्कि पूरी अयोध्या और उत्तर प्रदेश का सम्मान है। मैंने यह पुरस्कार प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी को समर्पित किया है, जिनके प्रयासों से उत्तर प्रदेश फिल्म निर्माण का प्रमुख केंद्र बन रहा है।” उन्होंने कार्यक्रम के आयोजक फिल्म अभिनेता अखिलेश सिंह की सराहना करते हुए कहा कि वे भविष्य में अयोध्या में भी ‘दादा साहब फाल्के पुरस्कार’ समारोह के आयोजन का प्रयास करेंगे, ताकि स्थानीय प्रतिभाओं को मंच मिल सके। दिग्गज हस्तियों की रही गरिमामयी उपस्थिति इस भव्य आयोजन में सिनेमा जगत की कई नामचीन हस्तियों ने शिरकत की। समारोह में क्रिकेटर सुदेश नायर, ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ के कलाकार निर्मल सोनी (डॉ. हाथी) और सम्राट सोनी, अभिनेत्री संगीता कपूर, पद्मश्री कलूराम बामनिया, अभिनेता आनंद बलराज और सुनील सेठी सहित फिल्म व धारावाहिक जगत के निर्माता-निर्देशक औरकोरियोग्राफर उपस्थित रहे। डॉ. धर्मपाल सिंह को यह प्रतिष्ठित सम्मान मिलने की खबर के बाद उनके गृह जनपद अयोध्या में बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। 30 जून को उनके अयोध्या आगमन पर परिजनों और प्रशंसकों द्वारा भव्य स्वागत की तैयारी है।