उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा-2026 के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुचारु संचालन हेतु जिलाधिकारी ने की बैठक, संबंधित अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा-2026 के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुचारु संचालन हेतु जिलाधिकारी ने की बैठक, संबंधित अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

 

 

अम्बेडकरनगर, 01 जुलाई 2026।

जिलाधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET)-2026 के सफल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण आयोजन के संबंध में केंद्र व्यवस्थापकों, सह-केंद्र व्यवस्थापकों, सेक्टर मजिस्ट्रेटों, स्टेटिक मजिस्ट्रेटों तथा संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक एवं प्रशिक्षण आयोजित किया गया।

बैठक में जिलाधिकारी ने परीक्षा की शुचिता, पारदर्शिता एवं गोपनीयता सुनिश्चित करते हुए सभी अधिकारियों अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, सतर्कता एवं उत्तरदायित्व के साथ करने तथा शासन एवं परीक्षा नियामक प्राधिकारी द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया।

इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि जनपद के 12 परीक्षा केंद्रों पर 02, एवं 03 जुलाई 2026 को दो पालियों में (प्रथम पाली पूर्वाह्न 9:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तथा द्वितीय पाली अपराह्न 2.30 बजे से 5:00 बजे तक) एवं 04 जुलाई 2026 को एक पाली में (पूर्वाह्न 9:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक) कुल 05 पालियों में परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसमें 5160 अभ्यर्थी सम्मिलित होंगे। परीक्षा के सुचारु संचालन हेतु केंद्र व्यवस्थापकों, सह-केंद्र व्यवस्थापकों, सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेटों की तैनाती कर दी गई है तथा पर्याप्त संख्या में आंतरिक निरीक्षकों की भी ड्यूटी लगाई गई है।

उन्होंने बताया कि छात्रों का प्रवेश प्रथम पाली में पूर्वाह्न 7.15 से 8.45 बजे तक एवं द्वितीय पाली में 12.15 से 1.45 बजे तक रहेगा। 45 मिनट पूर्व गेट बंद कर दिया जायेगा, इसके उपरांत किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर अभ्यर्थियों की सघन तलाशी, समयबद्ध प्रवेश, प्रश्नपत्रों एवं ओएमआर शीट की सुरक्षित हैंडलिंग, सीसीटीवी निगरानी, सुरक्षा व्यवस्था तथा गोपनीय सामग्री के सुरक्षित परिवहन की सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। परीक्षा अवधि के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनियमितता पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि परीक्षा ड्यूटी में लगाए गए सभी कार्मिकों को अपने दायित्वों का सम्यक निर्वहन करते हुए परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर बैठक में परीक्षा संचालन से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया तथा अधिकारियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।