जिला प्रेस क्लब चुनाव हुआ रोचक: 21 पदों पर 40 प्रत्याशी आमने-सामने, ऑडिटर पद पर आलम खान निर्विरोध निर्वाचित

जिला प्रेस क्लब चुनाव हुआ रोचक: 21 पदों पर 40 प्रत्याशी आमने-सामने, ऑडिटर पद पर आलम खान निर्विरोध निर्वाचित

 

अम्बेडकरनगर: जिला प्रेस क्लब अम्बेडकरनगर के द्विवर्षीय चुनाव ने इस बार दिलचस्प मोड़ ले लिया है। कुल 22 पदों वाले इस चुनाव में 21 पदों के लिए 40 प्रत्याशी मैदान में हैं, जबकि ऑडिटर पद पर सूचना न्यूज़ के एडिटर एवं मान्यता प्राप्त पत्रकार फखरे आलम खान निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। अब शेष 21 पदों के लिए 5 जुलाई को जिला प्रेस क्लब भवन में मतदान होगा, जिसमे 44 प्रत्यशियों के भाग्य का फैसला 295 पत्रकार मिलकर करेंगे।

 

22 पदों में से मात्र एक पद पर फखरे आलम खान को निर्विरोध निर्वाचित किया गया है जबकि सभी पदों पर चुनाव 05 जुलाई को होगा। करीब ढाई दशक से सक्रिय पत्रकारिता कर रहे मान्यता प्राप्त पत्रकार फखरे आलम खान ने सूचना न्यूज़ के माध्यम से जिले में अपनी अलग पहचान बनाई है। वे लगातार जिला प्रेस क्लब की कोर कमेटी के निर्विरोध सदस्य रहे हैं। संयुक्त प्रेस क्लब टांडा के अध्यक्ष के रूप में भी उन्होंने पत्रकार हितों और उनके अधिकारों की आवाज़ को मजबूती से उठाया है।

एक मात्र ऑडिटर पद पर उनके निर्विरोध निर्वाचन को पत्रकारों के विश्वास और उनकी सक्रिय भूमिका का परिणाम माना जा रहा है। निर्वाचन की घोषणा के बाद उन्हें बधाई देने वालों का तांता लग गया। सोशल मीडिया पर भी उनके निर्विरोध चुने जाने की व्यापक चर्चा रही।

निर्विरोध निर्वाचन पर फखरे आलम खान ने जिला प्रेस क्लब निर्वाचन समिति व प्रेस क्लब के सभी सदस्यों, जनपद के पत्रकार साथियों एवं शुभचिंतकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उनके लिए जिम्मेदारी को और बढ़ाने वाला है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे आगे भी पत्रकार हितों, संगठन की मजबूती तथा निष्पक्ष एवं जिम्मेदार पत्रकारिता के मूल्यों के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करते रहेंगे।

 

अब सभी की निगाहें आगामी 5 जुलाई को होने वाले मतदान पर टिकी हैं, जब अध्यक्ष, महासचिव, उपाध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष, संगठन मंत्री एवं कार्यकारिणी सदस्य सहित अन्य पदों के लिए मतदान होगा। 21 पदों पर 44 प्रत्याशियों के बीच होने वाला मुकाबला जिला प्रेस क्लब के इतिहास के सबसे रोचक और प्रतिस्पर्धी चुनावों में माना जा रहा है।

 

अध्यक्ष पद पर निवर्तमान अध्यक्ष शैलेन्द्र तिवारी, काज़िम हुसैन फैज़ी और कार्तिकेय द्विवेदी के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है।

महासचिव पद पर अहमद मेहदी, वेद प्रकाश पाठक, प्रवीण उपाध्याय और अजय कुमार उपाध्याय के बीच चतुष्कोणीय संघर्ष होगा।

उपाध्यक्ष के तीन पदों के लिए संजय कुमार यादव, पंकज शुक्ला, कमर हसनैन, विजेंद्र वीर सिंह, ज्ञान प्रकाश पाठक और सोनू सिंह (राजवंत सिंह) मैदान में हैं।

सचिव के तीन पदों के लिए आदित्य नारायण त्रिपाठी, नृपेंद्र सिंह श्रीवास्तव, विवेक सिंह, गौरव पांडेय, दीपक वर्मा, उमाशंकर तिवारी, सुनील कुमार शर्मा और अनूप कुमार तिवारी चुनाव मैदान में हैं।

 

कोषाध्यक्ष पद पर नरसिंह नारायण मिश्रा, अमरनाथ तिवारी और अनिल उपाध्याय के बीच त्रिकोणीय मुकाबला होगा। संगठन मंत्री पद के लिए रमाकांत पांडेय और प्रमोद कुमार वर्मा आमने-सामने हैं। वहीं कार्यकारिणी के 11 पदों के लिए 18 प्रत्याशी मैदान में हैं। इनमें अरुण कुमार मिश्र, सुधीर कुमार श्रीवास्तव, सावन मिश्र, अदनान अहमद, सैयद रजा अब्बास, आशा जायसवाल, लालजी चतुर्वेदी, सुशील कुमार मिश्र, असलम अब्बास, महेन्द्र मिश्र, मोहम्मद राशिद, अबूजर, मोहम्मद अशफाक, आशुतोष पाठक, ओमकार सिंह, रामकृष्ण तिवारी, विनोद वर्मा और नूर आलम शामिल हैं।